सखी मंडल की महिलाओं को सिखाए गए वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीक के गुर,प्रशि क्षण के बाद मिला प्रमाण-पत्र; कृषि विज्ञान केंद्र के 25 दिवसीय प्रशिक्षण का भी हुआ समापन
साहिबगंज (Sahibganj) जिले में खेतों में मेहनत करने वाली महिलाओं के हाथों को अब आधुनिक तकनीक का साथ मिलने जा रहा है। खेती को केवल परंपरा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का मजबूत जरिया बनाने की दिशा में साहिबगंज जिला उद्यान कार्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत जिले की 200 महिला किसानों को उद्यानिकी खेती की आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन के साथ महिला किसानों को खेती के नए तौर-तरीकों और बेहतर उत्पादन की तकनीकी जानकारी देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की गई।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की उद्यान विकास योजना के अंतर्गत जेएसएलपीएस (JSLPS) द्वारा चयनित सखी मंडल की 200 महिला किसानों के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिले के पांच प्रखंडों बोरियो, बरहड़वा, उधवा, साहिबगंज एवं मंडरो में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उद्यानिकी फसलों की वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, बेहतर उत्पादन और आजीविका के नए अवसरों से जुड़ी जानकारी दी गई।

चासगामा पंचायत भवन में हुआ प्रशिक्षण का समापन
इसी क्रम में बोरियो प्रखंड अंतर्गत चासगामा पंचायत भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक एवं पंचायत की मुखिया गोलमा सोरेन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिला किसानों के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने खेतों में प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी आमदनी, खुलेंगे स्वरोजगार के रास्ते
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक ने कहा कि वर्तमान समय में केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर रहने के बजाय उद्यानिकी फसलों की वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धतियों को अपनाना जरूरी है। इससे किसानों की उत्पादकता बढ़ने के साथ आमदनी में भी वृद्धि की संभावनाएं पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त तकनीकी जानकारी का व्यावहारिक उपयोग कर महिला किसान न केवल अपनी खेती को बेहतर बना सकती हैं, बल्कि स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित कर सकती हैं।
उन्होंने महिला किसानों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए ज्ञान और कौशल को अपने खेतों में अपनाएं। साथ ही गांव की अन्य महिलाओं को भी उद्यानिकी खेती से जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधनों को मजबूत किया जा सके और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

कृषि विज्ञान केंद्र के 25 दिवसीय प्रशिक्षण का भी समापन
इधर, कृषि विज्ञान केंद्र में संचालित 25 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी समापन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों के बीच प्रमाण-पत्र एवं कीट का वितरण किया गया, ताकि किसान प्रशिक्षण के दौरान अर्जित तकनीकी ज्ञान और कौशल का उपयोग अपने कृषि कार्यों में कर सकें।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, उद्यान विभाग के प्रेम पासवान, बागवान मित्र, राजेंद्र साह सहित सखी मंडल की दीदियां एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
महिलाओं की मेहनत को मिलेगा आधुनिक खेती का साथ
जिले में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को महिला किसानों की आजीविका मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जानकारी और बेहतर कृषि प्रबंधन के माध्यम से महिलाएं खेती को आय का बेहतर साधन बना सकती हैं। अब उम्मीद है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 200 महिला किसान अपने गांवों में आधुनिक उद्यानिकी खेती को बढ़ावा देकर दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









