पांच किलोमीटर की सड़क बनाने जंगल में उतरे 250 आदिवासी ग्रामीण,पांच दिनों से जारी है श्रम दान;आज भी खाट पर ढोए जाते हैं मरीज और गर्भवती महिलाएं
हजारीबाग (Hazaribag) जब वर्षों तक सरकारी दरवाजों पर दस्तक देने के बावजूद विकास की आवाज अनसुनी रह जाए, तो इंसान अपनी तकदीर खुद लिखने के लिए मजबूर हो जाता है।कुछ ऐसी ही तस्वीर हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत बेडम पंचायत के सुदूरवर्ती हेसाकोचा आदिवासी गांव से सामने आई है। यहां सड़क की आस में वर्षों से इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने आखिरकार सरकारी व्यवस्था के भरोसे बैठने के बजाय खुद ही विकास की राह बनाने का बीड़ा उठा लिया है।
गांव में पिछले पांच दिनों से करीब 25 घरों के 250 आदिवासी ग्रामीण श्रमदान कर जंगल के बीच लगभग पांच किलोमीटर लंबे जर्जर रास्ते को दुरुस्त करने में जुटे हैं। महिला हो या पुरुष, युवा हों या बुजुर्ग, हर कोई अपने हाथों में कुदाल, फावड़ा, गैंता और सब्बल लेकर सड़क बनाने में पसीना बहा रहा है। कोई मिट्टी काट रहा है, तो कोई पत्थर हटाकर रास्ता समतल करने में लगा है। ग्रामीणों का एक ही मकसद है कि किसी तरह गांव तक आने-जाने के लिए एक बेहतर रास्ता तैयार हो सके।

विडंबना देखिए कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी हेसाकोचा गांव के लोगों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए खुद संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। हर साल बरसात के बाद रास्ते की हालत इतनी खराब हो जाती है कि आवागमन मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को हर बार सामूहिक श्रमदान कर रास्ते को चलने लायक बनाना पड़ता है।
सबसे दर्दनाक तस्वीर तब सामने आती है, जब गांव में कोई व्यक्ति बीमार पड़ता है या किसी गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने की जरूरत होती है। सड़क के अभाव में मरीजों को खाट पर लादकर करीब पांच किलोमीटर तक जंगल के रास्ते से ले जाना पड़ता है। कई बार समय पर इलाज मिलना भी चुनौती बन जाता है। जिस दौर में विकास और आधुनिक सुविधाओं की बातें की जा रही हैं, उसी दौर में हेसाकोचा के ग्रामीण बुनियादी सड़क के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

ग्रामीणों का यह श्रमदान केवल मिट्टी और पत्थर हटाने की कवायद नहीं, बल्कि वर्षों की उपेक्षा, मजबूरी और व्यवस्था के प्रति उनकी बेबसी की कहानी भी है। उनके हाथों में उठे कुदाल-फावड़े मानो सिस्टम से सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक गांव के लोग अपने अधिकारों के लिए खुद ही पसीना बहाते रहेंगे?
मुनिया मरांडी, ग्रामीण ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण गांव के लोगों को रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कत होती है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क बनवाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। मजबूर होकर गांव के सभी लोग मिलकर श्रमदान कर रहे हैं।
मिहिलाल टुड्डू, ग्रामीण ने बताया कि गांव में सड़क नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर रास्ता बनाने का फैसला किया है, ताकि कम से कम आवागमन की समस्या से कुछ राहत मिल सके। उनकी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द गांव तक पक्की सड़क का निर्माण कराए।

इधर, पांच दिनों से जारी ग्रामीणों का श्रमदान केवल रास्ते की मरम्मत का अभियान नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित महसूस कर रहे ग्रामीणों की उम्मीद और संघर्ष की कहानी भी है। महिला हो या पुरुष, युवा हो या बुजुर्ग, सभी अपनी क्षमता के अनुसार इस काम में योगदान दे रहे हैं। ग्रामीणों की एकजुटता यह संदेश दे रही है कि सामूहिक प्रयास से कठिन से कठिन काम भी संभव है।
हालांकि, ग्रामीणों की यह पहल सरकारी व्यवस्था के सामने कई गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर कब तक आदिवासी ग्रामीण सड़क के लिए खुद कुदाल-फावड़ा चलाते रहेंगे? कब इस गांव तक विकास की किरण पहुंचेगी? कब मरीजों को खाट पर ढोने की मजबूरी खत्म होगी?
फिलहाल हेसाकोचा के ग्रामीणों की एक ही उम्मीद है कि उनका यह श्रमदान बेकार न जाए और शासन-प्रशासन उनकी आवाज सुनकर जल्द पक्की सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए। क्योंकि उन्हें सिर्फ सड़क नहीं चाहिए, उन्हें अपने गांव तक पहुंचता हुआ विकास और सम्मान के साथ जीने का अधिकार चाहिए।
REPORTER|GOVIND THAKUR|HAZARIBAG,JHARKHAND









