खास ख़बर:प्यास से सूख रहे हलक, फिर भी सिस्टम को नहीं सुनाई दे रही पुकार!पहाड़ी नाले का पानी पीने को मजबूर लालकीमाटी के आदिवासी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15-20 वर्षों से बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे ग्रामीण,करीब 70 की आबादी वाले गांव में न पेयजल की व्यवस्था,न सड़क की सुविधा;बरसात में दूषित पानी से बीमारी का खतरा

कोडरमा (Kodarma) जिले के एक तरफ विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ आज भी ग्रामीण इलाकों में लोग पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष कर रहे हैं। तस्वीर कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत धरगांव पंचायत के लालकीमाटी गांव की है, जहां आदिवासी परिवारों की जिंदगी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करते हुए गुजर रही है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए पहाड़ी नाले का सहारा लेना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि लालकीमाटी गांव में करीब 70 लोग निवास करते हैं, लेकिन इतने वर्षों बाद भी गांव में पेयजल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए पहाड़ी नाले तक जाना पड़ता है। वहां से पानी इकट्ठा कर किसी तरह घरों तक पहुंचाया जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ती है, जिन्हें पानी की व्यवस्था करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे अपनी पीड़ा बयां करते हुए बताया कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से इन समस्याओं के बीच जीवन गुजार रहे हैं। कई साल बीत गए, पीढ़ियां बदल गईं, लेकिन गांव की तस्वीर नहीं बदली। आज भी उन्हें स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा नसीब नहीं हो सकी है।

बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। पहाड़ी नाले का पानी गंदा और दूषित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों के बीच विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा बना रहता है। बावजूद इसके, मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल करना पड़ता है। ग्रामीणों के सामने एक तरफ प्यास बुझाने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ दूषित पानी से होने वाली बीमारियों का डर।

हैरानी की बात यह है कि करीब 70 लोगों की आबादी वाले इस गांव तक आज भी विकास की बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। सड़क नहीं होने से आवागमन में परेशानी होती है, वहीं पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों का जीवन और भी कठिन हो गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

अब सवाल यह है कि आखिर कब तक लालकीमाटी के आदिवासी पहाड़ी नाले का पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते रहेंगे? कब इनके घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचेगा? और कब सरकारी योजनाओं का लाभ इस गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा?

लालकीमाटी के ग्रामीणों को बड़े-बड़े वादे नहीं, बस इतनी सी उम्मीद है कि उनके घरों तक साफ पानी पहुंचे और आने वाली पीढ़ियों को पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष न करना पड़े।

REPORTER|GOVIND THAKUR|KODERMA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें