सरदार पटेल की जयंती पर साहिबगंज महाविद्यालय में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश,छात्राओं ने क्विज में मारी बाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनसीसी कैडेटों ने ली राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ,भूगोल विभाग की सृष्टि, वैष्णवी और निशा ने हासिल किए प्रथम तीन स्थान

साहिबगंज!SAHIBGANJ:-देश की एकता और अखंडता के सूत्रधार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को साहिबगंज महाविद्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण का माहौल देखने को मिला। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित कार्यक्रमों में सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के कला भवन में एनसीसी की ओर से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, एनसीसी के केयरटेकर ऑफिसर, एक्स सीनियर अंडर ऑफिसर एवं एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।

वहीं, राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से रमन विज्ञान भवन स्थित कक्षा संख्या एसजी-1 में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार के संबोधन से हुआ।

इस दौरान डॉ. राजीव कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राजनीतिक जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा आजादी के बाद देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर स्वतंत्र भारत को एकता के सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाता रहेगा।

मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल वास्तविक अर्थों में आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। स्वतंत्रता के समय देश अनेक रियासतों में विभाजित था, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प से उन रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन, साहस और मजबूत इच्छाशक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है। आज की युवा पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक प्रो. कसीमुद्दीन अंसारी ने भी सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी राजनीतिक कुशलता, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वतंत्रता के बाद देश को एक मजबूत संघीय स्वरूप देने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भूगोल विभाग की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। इसमें सृष्टि कुमारी ने प्रथम, वैष्णवी राज ने द्वितीय तथा निशा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने विजेता छात्राओं को अपने करकमलों से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर लाइफ साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मीरा चौधरी, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार साहू, डॉ. वसीम राजा, डॉ. प्रसेनजीत दास, डॉ. रीना कुमारी, डॉ. धर्मेंद्र यादव, प्रो. नितिन कुमार सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का भी दिन है। देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। महाविद्यालय में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और एकजुटता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें