JTET परीक्षा को लेकर साहिबगंज महाविद्यालय में तैयारियां तेज,वीक्षकों को मिला सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

1 नवंबर को होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा,केंद्राधीक्षक डॉ.रण जीत कुमार सिंह ने बैठक कर वीक्षकों को परीक्षा नियमों का अक्षरशः पालन करने का दिया निर्देश

साहिबगंज!SAHIBGANJ:-झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर साहिबगंज महाविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के व्यवस्थित संचालन को लेकर शुक्रवार को महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में शिक्षकों एवं वीक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य सह परीक्षा केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। इस दौरान परीक्षा की तैयारियों, वीक्षकों की जिम्मेदारियों, सुरक्षा एवं परीक्षा संबंधी निर्धारित नियमों के अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने उपस्थित शिक्षकों एवं वीक्षकों को परीक्षा संचालन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान किन-किन सावधानियों का ध्यान रखना आवश्यक है और वीक्षकों को किस प्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन में प्रत्येक वीक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। सभी वीक्षक झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें और उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान कोई भी वीक्षक अपने पास किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं रखेंगे। परीक्षा की पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी को निर्धारित नियमों के अनुरूप ही कार्य करना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा आयोजन समिति के संबंधित पदाधिकारियों के साथ सभी वीक्षक बेहतर समन्वय स्थापित करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी पूरी तत्परता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। परीक्षा का निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में मैथिली विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, लाइफ साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मीरा चौधरी, दर्शनशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार, प्रो. कसीमुद्दीन अंसारी, महाविद्यालय के कर्मचारी राजीव कुमार सिन्हा, मानस कुमार ओझा, मोहित कुमार एवं कमलेश कुमार सहित कई शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं वीक्षकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और परीक्षा के प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराना रहा। महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े सभी कर्मियों से सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें