बड़ी खबर:मॉडल कॉलेज के क्लासरूम में मौत का पहरेदार!अचानक दिखा जहरीला रसेल वाइपर,विद्यार्थियों में मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किताबों के बीच छिपा था मौत का फन,मॉडल कॉलेज में निकला जहरीला रसेल वाइपर

साहिबगंज!SAHIBGANJ:कभी किताबों के पन्नों में जिंदगी का पाठ पढ़ते विद्यार्थी, तो कभी क्लासरूम में अचानक मौत से सामना! जिले के मॉडल कॉलेज, राजमहल के एक क्लासरूम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक दुनिया के बेहद जहरीले सांपों में शुमार रसेल वाइपर (Russell’s Viper) दिखाई दिया। सांप को देखते ही विद्यार्थियों में दहशत फैल गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस दौरान कोई विद्यार्थी इसकी चपेट में नहीं आया और सभी सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में मौजूद शिक्षकों ने बिना देर किए साहिबगंज के चर्चित समाजसेवी एवं सर्प रेस्क्यूकर्ता ओम प्रकाश संत बाबा प्रजापति को दूरभाष के माध्यम से इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ओम प्रकाश संत बाबा प्रजापति तत्काल मॉडल कॉलेज पहुंचे और पूरी सावधानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ क्लासरूम में मौजूद जहरीले रसेल वाइपर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप के पकड़े जाने के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों और कॉलेज कर्मियों ने राहत की सांस ली।

रेस्क्यू के बाद समाजसेवी ओम प्रकाश संत बाबा प्रजापति ने बताया कि रसेल वाइपर भारत में पाए जाने वाले अत्यंत जहरीले सांपों में से एक है। इसे हल्के में लेना जानलेवा साबित हो सकता है। यह सांप खतरा महसूस होने पर तेजी से हमला कर सकता है। ऐसे में इसके आसपास जाने, पकड़ने या खुद से भगाने का प्रयास बिल्कुल नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, स्कूल, कॉलेज या किसी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। तत्काल प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूकर्ता या संबंधित वन विभाग को सूचना दें।

गौरतलब है कि रसेल वाइपर, जिसे स्थानीय भाषा में दबौया भी कहा जाता है, एशिया के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में गिना जाता है। इसके काटने से गंभीर स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो सकता है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर जान का खतरा भी रहता है।

मॉडल कॉलेज के क्लासरूम में इस जहरीले सांप का अचानक मिलना कई सवाल भी खड़े करता है। आखिर कॉलेज के शिक्षण कक्ष तक इतना खतरनाक सांप कैसे पहुंचा? क्या कॉलेज परिसर में नियमित साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई होती है? इस घटना ने एक बार फिर शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और परिसर की साफ-सफाई को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है।

फिलहाल राहत की बात यह रही कि समय रहते सूचना मिलने और त्वरित रेस्क्यू के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। किताबों के बीच छिपे इस जहरीले खतरे से विद्यार्थियों की जान बच गई और कॉलेज परिसर ने राहत की सांस ली।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TINPAHAR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें