बड़ी खबर:12 घंटे के मजदूर आंदोलन के आगे झुका कंपनी प्रबंधन,बकाया वेतन से लेकर PF-ESI तक सभी मांगों पर लिखित समझौता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवेन्द्र नाथ महतो की चेतावनी- मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे, कंपनियों को ईस्ट इंडिया कंपनी जैसा रवैया छोड़ना होगा

रांची!RANCHI:मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई आखिरकार रंग लाई। रांची के इरबा स्थित SFK Manufacturer / J1 कपड़ा फैक्ट्री में बकाया वेतन भुगतान और श्रमिक अधिकारों की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेतृत्व में चलाए गए 12 घंटे के आंदोलन के बाद कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों की प्रमुख मांगों पर लिखित सहमति जताई। शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक चले इस आंदोलन में JLKM के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ सैकड़ों मजदूर शामिल हुए। देर रात कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रबंधक आदर्श तिवारी के साथ वार्ता हुई, जिसके बाद लिखित समझौता होने पर आंदोलन स्थगित कर दिया गया।

आंदोलन का नेतृत्व JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने किया। मजदूरों का आरोप था कि पिछले तीन से चार महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा कई मजदूरों को नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और वेतन पर्ची तक उपलब्ध नहीं कराई गई थी। PF, ESI जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं और कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर भी मजदूरों में नाराजगी थी। इन्हीं मुद्दों को लेकर संगठन ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लगातार 12 घंटे तक आंदोलन किया।

बकाया वेतन भुगतान की तय हुई समय-सीमा

लंबी वार्ता के बाद हुए लिखित समझौते के अनुसार सितंबर 2026 तक का संपूर्ण बकाया वेतन 4 से 5 नवंबर 2026 के बीच भुगतान किया जाएगा। इसमें वर्तमान में कार्यरत मजदूरों के साथ नौकरी छोड़ चुके अथवा इस्तीफा दे चुके मजदूर भी शामिल होंगे। वहीं अक्टूबर महीने का वेतन 15 नवंबर 2026 तक भुगतान करने पर सहमति बनी है। भविष्य में प्रत्येक महीने की 10 तारीख तक मजदूरों का वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की बात भी समझौते में शामिल की गई है।

नियुक्ति पत्र, PF-ESI और साप्ताहिक छुट्टी पर भी सहमति

समझौते में मजदूरों के बुनियादी श्रमिक अधिकारों को लेकर भी महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किए गए हैं। एक महीने के अंदर सभी मजदूरों को नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और वेतन पर्ची उपलब्ध कराने तथा पात्रता के अनुसार PF और ESI की सुविधा देने पर सहमति बनी है। इसके अलावा प्रत्येक सप्ताह एक दिन अवकाश देने का निर्णय लिया गया है। छुट्टी के दिन काम कराने या निर्धारित आठ घंटे से अधिक काम लेने की स्थिति में समझौते के अनुसार डबल हाजिरी देने की बात कही गई है।

कौशल के आधार पर बढ़ेगा वेतन, मिलेगा प्रमोशन

मजदूरों की वेतन वृद्धि और पदोन्नति को लेकर भी समझौता हुआ है। श्रम विभाग के निर्धारित नियमों एवं लागू प्रावधानों के अनुसार मजदूरों को उनके कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर अनस्किल्ड से सेमी-स्किल्ड, सेमी-स्किल्ड से स्किल्ड तथा स्किल्ड से हाईली स्किल्ड श्रेणी में पदोन्नति और वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाएगा।

आंदोलन के दौरान कंपनी के पदाधिकारियों द्वारा एक वाहन का मोबाइल तोड़े जाने के मामले में भी प्रबंधन ने नया मोबाइल उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। वहीं आंदोलन में शामिल किसी भी मजदूर या कार्यकर्ता को चिह्नित कर नौकरी से हटाने, प्रताड़ित करने अथवा प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई नहीं करने का लिखित आश्वासन दिया गया है।

देवेन्द्र नाथ महतो ने कंपनियों को दी कड़ी चेतावनी

आंदोलन के बाद JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में उद्योग और कंपनियां चलाने वाले मालिकों एवं प्रबंधन को ईस्ट इंडिया कंपनी जैसा रवैया छोड़ना होगा। यह आजाद भारत है, जहां प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन तक सभी कानून के दायरे में आते हैं। ऐसे में कंपनियां कानून से ऊपर कैसे हो सकती हैं?

उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल और जमीन के साथ यहां के मेहनतकश मजदूरों के श्रम से कंपनियां मुनाफा कमाती हैं, लेकिन उन्हीं मजदूरों को समय पर वेतन, न्यूनतम मजदूरी, बोनस, PF, ESI और सम्मानजनक कार्य वातावरण से वंचित रखना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महतो ने कहा कि राज्य में संचालित प्रत्येक कंपनी को श्रम विभाग के निर्धारित कानूनों और लागू श्रम संहिताओं का पालन करना होगा। मजदूरों को समय पर वेतन, उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्यस्थल और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराना कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो कंपनियां श्रम कानूनों का पालन नहीं करेंगी और मजदूरों का शोषण जारी रखेंगी, उनके खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। जरूरत पड़ी तो ऐसी कंपनियों में तालाबंदी का आंदोलन भी किया जाएगा और उन्हें झारखंड छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। मजदूरों का पसीना और मेहनत ही उद्योगों की असली पूंजी है। मजदूरों के अधिकारों से समझौता करके कोई भी कंपनी झारखंड में कारोबार नहीं चला सकती।

आंदोलन में ये रहे शामिल

इस आंदोलन में JLKM केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो, अल्पसंख्यक मोर्चा केंद्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद साकिर अंसारी, शाबिर अंसारी, आदिल अनवर, रांची जिला केंद्रीय महासचिव मार्सल महतो, बिराट महतो, जिला सचिव गजेंद्र महतो, रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष रिहान अंसारी, प्रवक्ता महावीर साहू, ओरमांझी प्रखंड अध्यक्ष रामसेवक महतो, जगन्नाथ महतो, संतोष महतो, सुधांशु महतो, कोषाध्यक्ष राजू महतो सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों मजदूर मौजूद रहे।

कुल मिलाकर 12 घंटे तक चले आंदोलन के बाद लिखित समझौते के आधार पर मजदूरों ने आंदोलन स्थगित कर दिया। अब निगाहें कंपनी प्रबंधन पर टिकी हैं कि समझौते में किए गए वादों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर कितना उतारा जाता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें