परीक्षा की रात प्रशासन का एक्शन, होटलों में पहुंची टीम ने खंगाले एडमिट कार्ड
पाकुड़,Pakur!जिले में परीक्षा की तैयारी के बीच नकल और गड़बड़ी की हर आशंका पर प्रशासन की पैनी नजर है।जेटेट (JTET) परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार देर रात पाकुड़ जिले के हिरणपुर में प्रशासन ने विशेष जांच अभियान चलाया। अंचल अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में विभिन्न होटलों में छापेमारी कर वहां ठहरे विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों की जांच की गई।
जांच अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने होटलों में ठहरे विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही वहां मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी अथवा परीक्षा से जुड़ी संभावित गड़बड़ी का पता लगाया जा सके। हालांकि, जांच के दौरान सभी विद्यार्थी एवं अन्य लोग सामान्य पाए गए।
इस दौरान अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थी बिना किसी तनाव और भय के परीक्षा दें। अपनी मेहनत और तैयारी पर भरोसा रखें तथा बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि हिरणपुर क्षेत्र में जेटेट परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके। परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

अंचल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी प्रशासन सतर्क है।
देर रात चले इस जांच अभियान से स्पष्ट है कि परीक्षा को लेकर प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। प्रशासन का उद्देश्य है कि योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल मिले और वे बिना किसी बाधा के अपनी परीक्षा दे सकें।
छापेमारी एवं जांच अभियान के दौरान हिरणपुर थाना पुलिस बल भी मौजूद रहा।
REPORTER|GOVIND THAKUR|PAKUR









