खांसी को न करें नजरअंदाज,टीबी के लक्षणों पर अधिकारियों ने किया जागरूक
साहिबगंज!बोरियो।जिले में टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा,जब बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर इलाज के साथ पौष्टिक आहार और समाज का सहयोग भी मिले। इसी उद्देश्य से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में 83 टीबी मरीजों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से मरीजों को पोषण संबंधी सहायता देने के साथ-साथ बीमारी के प्रति जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी (डीएमओ) कृष्ण कुमार किस्कू, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान एवं सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से मरीजों के बीच राशन सामग्री वितरित की। इस दौरान डीएमओ कृष्ण कुमार किस्कू ने जिले के सिविल सर्जन के कार्यों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों की प्रशंसा की।

वहीं, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने मरीजों को संबोधित करते हुए टीबी बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना, लगातार बुखार आना, रात में पसीना आना, वजन कम होना, भूख नहीं लगना तथा बलगम में खून आना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि टीबी हवा के माध्यम से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। इससे बचाव के लिए खांसते और छींकते समय मुंह एवं नाक को ढकना, घरों में पर्याप्त रोशनी और हवा की व्यवस्था रखना तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने मरीजों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन लेने की सलाह देते हुए कहा कि चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाइयों का नियमित सेवन और पूरा कोर्स करना बेहद आवश्यक है। बीच में दवा छोड़ने से बीमारी दोबारा गंभीर रूप ले सकती है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि टीबी कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। समय पर जांच, नियमित दवा और उचित पोषण के सहारे मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव नहीं करने और बीमारी से लड़ने में उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। जागरूकता, पौष्टिक आहार, समय पर जांच और नियमित उपचार के जरिए इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
मौके पर डॉ. विवेक कुमार, बीपीएम विष्णु कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BORIO









