जंगल की खामोशी में मौत का रहस्य!एक ही फंदे से लटके मिले महिला-पुरुष के शव, इलाके में मची सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डुमरिया टांड जंगल में पीली साड़ी के दोनों छोर से लटके मिले दो शव, घटनास्थल से मोबाइल फोन बरामद; पहचान और मौत की वजह तलाश रही पुलिस

बोकारो,Bokaro!जिले में जंगल की खामोशी के बीच शनिवार को ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड जंगल में एक अज्ञात महिला और पुरुष के शव फंदे से लटके हुए मिले। जंगल में दो शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हर किसी के मन में एक ही सवाल था कि आखिर जंगल के भीतर दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्थानीय लोगों की नजर जंगल में पेड़ से लटके दो शवों पर पड़ी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंचने वाले लोगों के मुताबिक, महिला और पुरुष के शव पीले रंग की साड़ी के दोनों छोर के पल्लू से बने फंदे के सहारे लटके हुए थे। एक ही साड़ी के दोनों छोर से दो लोगों के शव मिलने की बात सामने आने के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया है।

घटनास्थल से मोबाइल फोन बरामद, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इस दौरान घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। अब पुलिस के लिए यह मोबाइल फोन जांच का अहम हिस्सा हो सकता है। इसके जरिए मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया है। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना तो दर्ज नहीं कराई गई है।

आत्महत्या या कोई दूसरी वजह, जांच के बाद खुलेगा राज

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर महिला और पुरुष कौन थे? दोनों एक साथ जंगल तक कैसे पहुंचे? क्या दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे? घटनास्थल पर मिला मोबाइल फोन किसका है? क्या यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति अथवा कारण छिपा है? फिलहाल इन सवालों का जवाब मिलना बाकी है।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पहचान का इंतजार, रहस्य से उठेगा पर्दा

डुमरिया टांड जंगल में मिले महिला और पुरुष के शवों ने पूरे इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों मृतकों की पहचान करना है। इसके बाद ही उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

जंगल में मिले दो शव, एक साड़ी और घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन… इन सभी पहलुओं को जोड़कर पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BOKARO

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें