PM-JANMAN सड़क योजना में शिलापट बदलने के बाद भी सवाल बरकरार, विधायक का नाम फिर बोर्ड पर दर्ज; निर्माणाधीन सड़क के गार्डवाल में स्थानीय पत्थरों के इस्तेमाल का भी ग्रामीणों ने लगाया आरोप, जांच की मांग
साहिबगंज,Sahibganj।जिले में विकास योजनाओं में पार दर्शिता और जवाबदेही को लेकर उठाए गए सवालों के बीच तालझारी प्रखंड की PM-JANMAN सड़क योजना एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में GTV_भारत न्यूज़ पर खबर प्रकाशित होने के बाद निर्माण स्थल पर लगे शिलान्यास बोर्ड (शिलापट) को बदल दिया गया है।हालांकि, बोर्ड बदलने के बावजूद शिलान्यास को लेकर विवाद समाप्त नहीं हुआ है। सबसे अहम बात यह है कि नया बोर्ड लगाए जाने के बाद भी सड़क का शिलान्यास नहीं हुआ। वहीं, बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, तालझारी प्रखंड क्षेत्र में PM-JANMAN योजना के अंतर्गत L030-चुना REO रोड से घुटी तक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर पहले लगाए गए शिलान्यास बोर्ड पर राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा और बोरियो विधायक धनंजय सोरेन का नाम अंकित था। बोर्ड पर सड़क की लंबाई 0.75 किलोमीटर और प्राक्कलित राशि 71.34 लाख रुपये दर्ज थी। साथ ही शिलान्यास की तिथि 5 मई 2026 अंकित की गई थी।
GTV_भारत न्यूज़ की खबर के बाद बदला गया बोर्ड
इस मामले में जब विधायक धनंजय सोरेन ने सड़क का शिलान्यास करने से इनकार किया और बोर्ड पर उनका नाम दर्ज किए जाने को लेकर सवाल उठाए, तब यह मामला सामने आया। GTV_भारत न्यूज़ ने शिलान्यास बोर्ड पर दर्ज जानकारी और विधायक के बयान के आधार पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद निर्माण स्थल पर लगे पुराने शिलान्यास बोर्ड को बदल दिया गया।
लेकिन बोर्ड बदलने के बाद भी सबसे बड़ा सवाल जस का तस बना हुआ है। यदि पहले लगाए गए बोर्ड पर शिलान्यास की तिथि और जनप्रतिनिधियों के नाम गलत तरीके से दर्ज थे, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? और यदि नया बोर्ड लगाया गया है, तो क्या इसके साथ शिलान्यास की वास्तविक प्रक्रिया भी पूरी की गई? स्थानीय स्तर पर इन सवालों को लेकर चर्चा जारी है।
बोर्ड बदला, लेकिन शिलान्यास अब भी नहीं!
मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि कार्यस्थल पर शिलापट बदलने की कार्रवाई तो हुई, लेकिन सड़क का शिलान्यास नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किसके निर्देश पर पुराने बोर्ड को हटाकर नया बोर्ड लगाया गया? बोर्ड बदलने की प्रक्रिया में किन अधिकारियों की भूमिका रही और पहले बोर्ड पर शिलान्यास की तिथि दर्ज करने का आधार क्या था?
विधायक धनंजय सोरेन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि का नाम शिलान्यास बोर्ड पर दर्ज करने से पहले वास्तविक स्थिति और संबंधित कार्यक्रम की जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए। सरकारी योजनाओं में इस तरह की लापरवाही या गलत जानकारी सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
गार्डवाल निर्माण में स्थानीय पत्थरों के इस्तेमाल पर भी सवाल
शिलान्यास बोर्ड का मामला अभी पूरी तरह स्पष्ट भी नहीं हुआ है कि निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने एक और शिकायत उठाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे बनाए जा रहे गार्डवाल में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पत्थरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य होने की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में केवल काम पूरा कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी मजबूती और टिकाऊपन भी जरूरी है। गार्डवाल सड़क की सुरक्षा और स्थायित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण होता है। इसलिए इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की तकनीकी जांच होनी चाहिए। हालांकि, स्थानीय पत्थरों का इस्तेमाल अपने आप में अनियमितता का प्रमाण नहीं है। इसकी उपयुक्तता का निर्धारण स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के आधार पर ही किया जा सकता है।
71.34 लाख की योजना, पारदर्शिता पर उठे सवाल
PM-JANMAN योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। ऐसे में इस योजना के तहत बनने वाली सड़क से स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। लेकिन शिलान्यास बोर्ड बदलने और निर्माण सामग्री को लेकर उठे सवालों ने योजना के क्रियान्वयन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण स्थल का निरीक्षण करें। पुराने और नए शिलान्यास बोर्ड से संबंधित अभिलेखों की जांच हो, शिलान्यास कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा गार्डवाल में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए।
अब विभागीय कार्रवाई और जांच का इंतजार
इस पूरे मामले में अब दो प्रमुख सवालों का जवाब मिलना जरूरी है। पहला, जब विधायक धनंजय सोरेन ने शिलान्यास करने से इनकार किया था, तो उनके नाम और शिलान्यास की तिथि वाला बोर्ड किस आधार पर लगाया गया और GTV_भारत न्यूज़ की खबर के बाद उसे बदलने की जरूरत क्यों पड़ी? दूसरा, नए बोर्ड लगाए जाने के बावजूद शिलान्यास नहीं होने के पीछे क्या वजह है?

विधायक द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद अब विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। जरूरत है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में जो भी जिम्मेदार पाए जाएं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
क्योंकि विकास योजनाओं की पहचान केवल सड़क की लंबाई और खर्च की गई राशि से नहीं होती, बल्कि उनकी गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनता के विश्वास से होती है। अब देखना यह है कि विभाग इन सवालों का जवाब कब देता है और विधायक की मांग पर क्या कार्रवाई होती है।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









