दस बरस की प्रतीक्षा के बाद खुली उम्मीदों की राह,जेटेट में 32 हजार अभ्यर्थियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दस साल का इंतजार खत्म,गिरिडीह में 32 हजार अभ्यर्थियों ने दी जेटेट की परीक्षा; 46 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गिरिडीह,Giridih:जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को लेकर अभ्यर्थियों का करीब एक दशक लंबा इंतजार आखिरकार रविवार को समाप्त हो गया। लंबे समय से परीक्षा आयोजित होने की राह देख रहे हजारों अभ्यर्थी अपनी मेहनत और तैयारी का इम्तिहान देने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। गिरिडीह जिले में परीक्षा के लिए कुल 46 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 32,043 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

रविवार सुबह से ही जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई। केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ और उनके चेहरे पर परीक्षा को लेकर उत्साह साफ नजर आया। लगभग दस वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जेटेट आयोजित होने से अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, प्रशासन भी परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहा।

जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, यातायात नियंत्रण और अग्निशमन की समुचित व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रखी गई है, ताकि अनावश्यक भीड़ और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके।

पेपर लीक, फर्जी प्रश्नपत्र और परीक्षा से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने के लिए साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए हुए है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी प्रशासन सतर्क है।

जेटेट की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा निर्धारित है। इसके लिए सुबह 7:30 बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया, जबकि सुबह 9 बजे मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा और 1:30 बजे मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

प्रखंडवार परीक्षा केंद्रों की बात करें तो गिरिडीह प्रखंड में सर्वाधिक 27 केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा डुमरी में छह, बेंगाबाद में चार, गांडेय में चार, जमुआ में तीन और पीरटांड़ में दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी बॉलपॉइंट पेन ले जाने की अनुमति दी गई है। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, पाउच और किसी भी तरह के नोट्स ले जाने पर रोक है।

परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से ली जा रही है। अभ्यर्थियों को भाषा, विषय और श्रेणी से संबंधित प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक भरने का निर्देश दिया गया है। गलत प्रविष्टि होने पर उसमें सुधार का प्रावधान नहीं है। ओएमआर शीट में किसी भी प्रकार की त्रुटि या छेड़छाड़ होने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।

वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों, विशेषकर दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित और दोनों हाथों से अक्षम परीक्षार्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय देने की व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार श्रुतिलेखक की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

करीब एक दशक के इंतजार के बाद आयोजित हो रही जेटेट परीक्षा ने हजारों अभ्यर्थियों की शिक्षक बनने की उम्मीदों को नई राह दी है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम और आगे की प्रक्रिया का इंतजार रहेगा। सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजामों के बीच गिरिडीह में परीक्षा का संचालन जारी है।

REPORTER|GOVIND THAKUR|GIRIDIH

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें