दस बरस का इंतजार,आंखों में शिक्षक बनने का ख्वाब;तीनपहाड़ में जेटेट परीक्षा को लेकर दिखा उत्साह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दस साल बाद जेटेट परीक्षा का आगाज, तीनपहाड़ उच्च विद्यालय बना परीक्षा केंद्र; सुरक्षा के बीच पहुंचे अभ्यर्थी

साहिबगंज/Sahibganj:जिले में झारखंड में करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद रविवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ उच्च विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सुबह से ही परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई। परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आई।

पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई थी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। निर्धारित समय के अनुसार सुबह 9 बजे मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से राजमहल के अंचलाधिकारी मो. यूसुफ ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। पुलिस की मौजूदगी में अभ्यर्थियों की जांच और प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहा प्रतिबंध

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। इसके अलावा बैग, पर्स, किताबें और नोट्स भी परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी बॉडी वाला बॉलपॉइंट पेन साथ रखना अनिवार्य किया गया था।

दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक की परीक्षा

दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक के अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा।

करीब दस वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही जेटेट परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में शिक्षक बनने की उम्मीदें एक बार फिर मजबूत हुई हैं। प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनपहाड़ उच्च विद्यालय में परीक्षा का संचालन किया जा रहा है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TINPAHAR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें