उम्मीदों की कलम चली,परीक्षा की घड़ी ढली;कड़ी सुरक्षा में जेटेट की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 केंद्रों पर इम्तिहान,9,808 अभ्यर्थियों ने भरी उड़ान; कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न हुई जेटेट-2026

साहिबगंज,Sahibganj:मेहनत और उम्मीदों के इम्तिहान में रविवार को साहिबगंज जिले के हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 जिले के सभी 22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 11,385 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि 1,577 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 8,512 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,202 उपस्थित हुए और 1,310 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 2,873 अभ्यर्थियों में से 2,606 ने परीक्षा दी, जबकि 267 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

सुरक्षा के लिए तैनात रहे दंडाधिकारी और उड़नदस्ता दल

परीक्षा के सुचारू संचालन एवं कदाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी तथा तीन उड़नदस्ता दल तैनात किए गए थे। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने स्वयं साहिबगंज एवं राजमहल अनुमंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सामूहिक प्रयास से सफल हुआ परीक्षा का आयोजन

परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल तथा परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, सजगता और जिम्मेदारी के कारण जिले में जेटेट-2026 का आयोजन सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।

जिला प्रशासन की मुस्तैदी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच परीक्षा संपन्न होने से अभ्यर्थियों ने भी राहत की सांस ली।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें