पाकुड़ में शांतिपूर्ण संपन्न हुई JTET परीक्षा,16,336 में से 13,808 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
पाकुड़,Pakur:जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को लेकर पाकुड़ जिले में रविवार को प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई।जिले के कुल 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 16,336 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 13,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। वहीं, 2,528 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। इस पाली में कुल 12,568 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,587 ने परीक्षा दी, जबकि 1,981 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में कुल 84.24 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
वहीं, दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस पाली में 3,768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3,221 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 547 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 85.48 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी 30 परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए निषेधाज्ञा भी लागू की गई थी। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी गई।
गौरतलब है कि पूरी परीक्षा के दौरान जिले के किसी भी केंद्र से कदाचार अथवा किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन के बीच पाकुड़ में JTET-2026 की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।
REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR









