छठ महापर्व की तैयारी को लेकर न्यू स्टार क्लब सक्रिय,बैठक में उमड़ा जनसैलाब; भव्य आयोजन का लिया संकल्प
बरहरवा,Badhawa:जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बरहरवा में तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को संध्या छह बजे न्यू स्टार क्लब, बरहरवा की ओर से छठ पूजा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुमन कुमार ने की। बैठक में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान छठ घाटों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहयोग का भी प्रतीक है। इसलिए सभी लोगों को मिलकर आयोजन को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
क्लब के अध्यक्ष सुमन कुमार ने उपस्थित लोगों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए क्लब की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में क्लब के सचिव राजेश झा, वार्ड सदस्य जितेंद्र कुमार, वार्ड सदस्य अमित भारती, ललन कुमार, रविशंकर रमानी, सूरज कुमार गुप्ता, संदीप कुमार, नित्यानंद कुमार, श्याम कुमार गुप्ता, पुलेश रविदास, मोहम्मद फारूक शेख, बलराम सिंह, निताई सरकार, पंकज कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
बैठक में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह संदेश दिया कि बरहरवा में छठ महापर्व को लेकर सामूहिक तैयारी और सामाजिक एकजुटता का माहौल बन रहा है। सभी ने एक स्वर में भाईचारे, सहयोग और समर्पण के साथ छठ महापर्व को यादगार एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA









