किसानों की मेहनत पर हाथियों का कहर,आशियानों पर संकट और जान पर आफत,आखिर कब जागेगा सिस्टम,कब मिलेगा ग्रामीणों को स्थायी समाधान।
सरायकेला-खरसावां,Saraikela-kharshawn:जंगलों में हाथियों की चिंघाड़ है, गांवों में दहशत का पहरा है, खेतों में किसानों की मेहनत बिखरी पड़ी है और हर रात ग्रामीणों के मन में एक ही सवाल गहरा है…आखिर कब तक हाथियों के आतंक के साये में जिंदगी गुजारनी पड़ेगी? झारखंड अलग राज्य बने 26 साल बीत चुके हैं।कई सरकारें आईं और गईं, विकास के वादे हुए, योजनाओं की घोषणाएं हुईं, लेकिन इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए हाथी-मानव संघर्ष आज भी एक गंभीर समस्या बना हुआ है।
हाथियों के झुंड कभी खेतों में लहलहाती फसलों को रौंद देते हैं, तो कभी गरीबों के आशियानों को उजाड़ देते हैं। कई बार हाथियों के हमले में लोगों की जान तक चली जाती है। खेती-किसानी पर निर्भर परिवारों के लिए यह केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि पूरे परिवार की रोजी-रोटी पर संकट है। दिनभर खेतों में मेहनत करने वाले किसान रात होते ही अपने खेत और घर की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो जाते हैं। ग्रामीणों के लिए अब रात का सन्नाटा भी किसी अनहोनी की आहट जैसा महसूस होता है।
26 साल का सफर, फिर भी समस्या बरकरार!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर झारखंड गठन के 26 वर्षों बाद भी इस समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं निकल पाया? क्या सरकार और वन विभाग के पास ऐसी कोई ठोस योजना नहीं हो सकती, जिससे हाथियों के आवागमन की समय रहते जानकारी मिले और ग्रामीणों को सुरक्षित किया जा सके? आखिर कब तक किसान अपनी बर्बाद फसल का दर्द लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते रहेंगे?
छात्र नेता बनमाली प्रामाणिक ने उठाई ग्रामीणों की आवाज
इस गंभीर मुद्दे पर रांची के चर्चित छात्र नेता बनमाली प्रामाणिक ने चिंता जाहिर करते हुए बताया कि हाथियों का आतंक केवल वन विभाग या किसी एक गांव की समस्या नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों की सुरक्षा, किसानों की आजीविका और क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। किसान दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करते हैं, लेकिन हाथियों का झुंड कुछ ही घंटों में उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद कर देता है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय किसान आर्थिक संकट में घिर जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हाथियों के हमले में मकानों को नुकसान पहुंचना और लोगों की जान जाना बेहद चिंताजनक है। ऐसी स्थिति में केवल घटना के बाद मुआवजा देना पर्याप्त नहीं है। जरूरत इस बात की है कि सरकार और वन विभाग मिलकर ऐसी प्रभावी व्यवस्था तैयार करें, जिससे हाथियों और ग्रामीणों के बीच टकराव की नौबत ही न आए।

मुआवजा नहीं, सुरक्षा का स्थायी इंतजाम चाहिए
बनमाली प्रामाणिक ने कहा कि हाथियों से प्रभावित परिवारों को फसल और मकान के नुकसान का उचित मुआवजा समय पर मिलना चाहिए। पीड़ित परिवारों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। संवेदनशील गांवों में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, समय रहते अलर्ट जारी करने, प्रशिक्षित वनकर्मियों की तैनाती और ग्रामीणों को जागरूक करने की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि हाथियों के प्राकृतिक आवास और पारंपरिक आवागमन के रास्तों को सुरक्षित रखना जरूरी है। जंगलों में भोजन और पानी की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए।
अब सवाल जवाबदेह व्यवस्था से…
आखिर कब तक हाथियों के डर से ग्रामीणों की रातें जागकर गुजरेंगी? कब तक किसानों की मेहनत जंगलों के झुंड के आगे बेबस होती रहेगी? कब तक गरीब परिवार अपने टूटे मकानों और बर्बाद फसलों के मुआवजे का इंतजार करेंगे? झारखंड गठन के 26 साल बाद भी यदि ग्रामीण अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, तो विकास के दावों के बीच इस समस्या का जवाब कौन देगा?
इचागढ़ की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई चाहती है। क्योंकि हाथियों का संरक्षण भी जरूरी है और इंसानी जिंदगी की सुरक्षा भी। जंगल और इंसान के बीच संतुलन बनाकर ही इस संघर्ष का स्थायी समाधान संभव है।
सवाल सिर्फ हाथियों के आतंक का नहीं, बल्कि उन हजारों ग्रामीण परिवारों की जिंदगी का है, जिनकी आंखों में आज भी सुरक्षित कल का सपना है…आखिर वह सुबह कब आएगी, जब गांवों में दहशत नहीं, सुकून का उजाला होगा?
REPORTER|GOVIND THAKUR|RANCHI









