PM-JANMAN सड़क निर्माण में लोकल पत्थरों के इस्तेमाल पर उठे सवाल,समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने डीसी से की जांच की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायक धनंजय सोरेन के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल,शिलान्यास बोर्ड और निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग

साहिबगंज,SAHIBGANJ:जिले के तालझारी प्रखंड क्षेत्र में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी PM-JANMAN योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क अब सवालों के घेरे में है। सड़क निर्माण कार्य में स्थानीय पत्थरों के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में साहिबगंज के चर्चित समाजसेवी सह पहाड़िया नेता बेंजामिन मालतो ने उपायुक्त (डीसी) साहिबगंज से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, स्वीकृत प्राक्कलन और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

बेंजामिन मालतो ने कहा कि केंद्र सरकार की PM-JANMAN (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस अभियान के तहत सड़क संपर्क, आवास, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाना है, ताकि दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी परिवारों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। ऐसे में योजना के तहत बनने वाली सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तालझारी प्रखंड क्षेत्र में L030-चुना REO रोड से घुटी तक लगभग 0.75 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 71.34 लाख रुपये की प्राक्कलित राशि से कराया जा रहा है। निर्माणाधीन सड़क के किनारे गार्डवाल बनाने में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पत्थरों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या गार्डवाल निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री स्वीकृत प्राक्कलन और विभागीय तकनीकी मानकों के अनुरूप है? यदि सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?

विधायक धनंजय सोरेन के कार्यों की सराहना, अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल

बेंजामिन मालतो ने बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को उठाने और विकास कार्यों के प्रति सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के पैसे से संचालित योजनाओं की निगरानी करें और जहां भी गड़बड़ी की आशंका हो, वहां सवाल उठाएं। लेकिन विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों, अभियंताओं और कार्यकारी एजेंसी की होती है। ऐसे में अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी से बचने के बजाय निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर निर्माण कार्य की निगरानी किस स्तर पर की जा रही है? क्या विभागीय अभियंताओं ने स्थल निरीक्षण किया है? निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच हुई है या नहीं? यदि ग्रामीणों की शिकायत सही है, तो अब तक इस पर संज्ञान क्यों नहीं लिया गया? उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सवालों का जवाब जांच के माध्यम से सामने आना चाहिए।

शिलान्यास बोर्ड पर भी उठे सवाल

समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने सड़क किनारे लगाए गए शिलान्यास बोर्ड को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की। बोर्ड पर राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा और बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन का नाम अंकित है। साथ ही बोर्ड पर 5 मई 2026 को शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न होने का उल्लेख किया गया है। हालांकि विधायक धनंजय सोरेन द्वारा कथित तौर पर इस सड़क का शिलान्यास नहीं किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में बोर्ड पर दर्ज जानकारी की सत्यता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने मांग की कि विभाग यह स्पष्ट करे कि शिलान्यास कार्यक्रम कब और किसकी उपस्थिति में आयोजित हुआ था तथा विधायक का नाम किस आधार पर बोर्ड पर अंकित किया गया। संबंधित अभिलेखों और शिलान्यास कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति की भी जांच होनी चाहिए।

डीसी साहिबगंज से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

बेंजामिन मालतो ने उपायुक्त साहिबगंज से मांग की है कि संबंधित तकनीकी अधिकारियों की टीम गठित कर निर्माणाधीन सड़क और गार्डवाल का स्थल निरीक्षण कराया जाए। निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे पत्थरों एवं अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के आधार पर की जाए। साथ ही कार्यादेश, माप पुस्तिका (एमबी), निर्माण संबंधी अभिलेख और शिलान्यास बोर्ड पर दर्ज जानकारी की भी जांच हो।

उन्होंने कहा कि PM-JANMAN जैसी महत्वपूर्ण योजना का लाभ विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों तक पहुंचना चाहिए। यह योजना केवल कागजों पर विकास दिखाने के लिए नहीं, बल्कि उन परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जो आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। इसलिए सरकारी राशि से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है।

उन्होंने डीसी साहिबगंज से आग्रह किया कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और PM-JANMAN योजना के तहत बन रही इस सड़क की गुणवत्ता तथा शिलान्यास बोर्ड से जुड़े सवालों पर क्या कार्रवाई करता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें