बड़ी खबर:मेहनत से उगाया अनाज,अब खलिहान पहुंचाना बना चुनौती!रेलवे पुल बंद होने से किसानों की बढ़ी परेशानी!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धान कटनी सिर पर,रेलवे ने बंद किया रास्ता! 20 KM का चक्कर लगाने को मजबूर किसान, पुल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

साहिबगंज,SAHIBGANJ:खेतों में धान की फसल तैयार है, कटनी का समय करीब है, लेकिन खेतों से खलिहान तक अनाज पहुंचाने का रास्ता ही बंद हो गया है। बड़हरवा-पाकुड़ रेलखंड के कोटालपोखर रेलवे स्टेशन के समीप विजयपुर गांव स्थित रेलवे पुल संख्या 256 पर रेलवे प्रशासन द्वारा लोहे के स्लीपर गाड़कर रास्ता बाधित किए जाने से आसपास के गांवों के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार को इसको लेकर मयूरकोला, दुखियाटोला, ढाटापारा, पथरिया, बड़ा सुनाकर, विजयपुर और मुसहरी टोला के दर्जनों किसानों ने रेलवे पुल के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवागमन बहाल करने की मांग की।

धान कटनी के ऐन मौके पर किसानों के सामने संकट

किसानों का कहना है कि वे वर्षों से इसी रेलवे पुल के रास्ते बैलगाड़ी और छोटे वाहनों से खेतों से धान की उपज खलिहान तक पहुंचाते रहे हैं। लेकिन पुल पर लोहे के स्लीपर गाड़ दिए जाने के कारण अब बैलगाड़ी और छोटे वाहन भी पार नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में किसानों के सामने अपनी फसल की ढुलाई को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कोटालपोखर से गुमानी तक के क्षेत्र में आवागमन के लिए दूसरा रेलवे पुल उपलब्ध नहीं है। किसानों को अब अपनी उपज खेतों से खलिहान तक पहुंचाने के लिए करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे खेती की लागत के साथ समय और श्रम का बोझ भी बढ़ गया है।

किसानों ने कहा- खेती करें या रास्तों का चक्कर लगाएं?

स्थानीय किसान बलदेव साहा ने कहा कि धान कटनी का समय सामने है। ऐसे समय में रेलवे द्वारा रास्ता बंद कर दिए जाने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों से धान निकालकर खलिहान तक पहुंचाना जरूरी है, लेकिन पुल से बैलगाड़ी और छोटे वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। रेलवे प्रशासन को किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करना चाहिए।

वहीं किसान मो. रिजवान ने कहा कि किसान पहले से ही खेती की बढ़ती लागत और मौसम की मार झेल रहे हैं। ऊपर से अनाज की ढुलाई के लिए 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। यदि जल्द आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई तो किसान एकजुट होकर आंदोलन को और तेज करेंगे।

प्रदर्शन में शामिल अन्य किसानों ने भी कहा कि रेलवे सुरक्षा के नाम पर रास्ता बंद करने से पहले ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों और किसानों की समस्याओं का ध्यान रखा जाना चाहिए था। धान कटनी के मौसम में रास्ता बाधित होने से पूरे इलाके के किसानों की परेशानी बढ़ गई है।

रेलवे के सामने किसानों की दो टूक मांग

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि रेलवे पुल संख्या 256 पर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाए अथवा तत्काल वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज खेतों से खलिहान तक पहुंचाने में परेशानी नहीं हो।

किसानों ने चेतावनी दी कि धान कटनी से पहले यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

अब सवाल यह है कि रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन की जरूरतों के बीच रास्ता कैसे निकलेगा? क्या धान कटनी से पहले किसानों को राहत मिलेगी या फिर अन्नदाता अपनी ही उपज खलिहान तक पहुंचाने के लिए 20 किलोमीटर का चक्कर लगाने को मजबूर रहेंगे?

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें