दीपावली से छठ तक सुरक्षा का कड़ा पहरा,ड्रोन और CCTV कैमरों से होगी निगरानी;संवेदनशील इलाकों पर प्रशासन की विशेष नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ड्रोन की नजर,CCTV का पहरा! दीपावली से छठ तक साहिबगंज में सुरक्षा का होगा सख्त इंतजाम

साहिबगंज,Sahibganj:जिले में दीपावली,काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण,सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी पर्वों को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांति के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लाइसेंस प्राप्त पूजा समितियों की सूची अपडेट रखने और समिति के सदस्यों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों में पर्याप्त रोशनी, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन उपकरण, स्वयंसेवकों की तैनाती और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर, ड्रोन से होगी निगरानी

पर्वों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन आवश्यकता के अनुसार ड्रोन कैमरों से निगरानी करेगा। वहीं पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है। उपायुक्त ने अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

काली पूजा के जुलूस को लेकर विशेष तैयारी

साहिबगंज नगर क्षेत्र में काली पूजा के दौरान निकलने वाले मां काली के जुलूस को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। पूजा समितियों को जुलूस में पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती, रस्सी एवं प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी नहीं हो।

अग्निकांड से निपटने के लिए अस्पताल और अग्निशमन विभाग अलर्ट

दीपावली के दौरान पटाखों से संभावित अग्निकांड एवं अन्य दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बर्न वार्ड में चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार प्रतिनियुक्ति और मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया। वहीं अग्निशमन विभाग को पर्याप्त वाहनों एवं कर्मियों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके।

छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, असुरक्षित घाटों पर आवागमन रहेगा प्रतिबंधित

छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षित एवं असुरक्षित घाटों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। सुरक्षित घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी और माइकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं असुरक्षित घाटों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित करने तथा खतरनाक स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने पूजा समितियों एवं जिलेवासियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्वों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग, सतर्कता और आपसी सद्भाव से ही पर्वों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आइंद, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें