नौकरी का झांसा,दिल्ली का सफर और राजस्थान में शादी!16 वर्षीय नाबालिग की जिंदगी से खिलवाड़ का गंभीर आरोप
गुमला,Gumla:झारखंड के गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दूसरे राज्यों में ले जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बेहतर रोजगार दिलाने का प्रलोभन देकर दिल्ली ले गई। इसके बाद उसे राजस्थान पहुंचा दिया गया, जहां कथित तौर पर उसकी शादी करीब 45 वर्षीय व्यक्ति से करा दी गई। लगभग दो महीने तक घर से दूर रहने के बाद नाबालिग किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर लौट आई। पीड़िता के घर पहुंचने के बाद परिजनों ने पूरे मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की है।
नौकरी का सपना दिखाकर दिल्ली ले जाने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिशुनपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को रोजगार दिलाने और बेहतर भविष्य का भरोसा देकर अपने साथ दिल्ली ले जाया गया था। परिजनों का आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद नाबालिग को राजस्थान ले जाया गया, जहां उसकी शादी करीब 45 वर्षीय व्यक्ति से करा दी गई। इस पूरे घटनाक्रम ने नाबालिगों की सुरक्षा और मानव तस्करी की आशंका को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दो महीने बाद किसी तरह घर पहुंची पीड़िता
शिकायत के अनुसार, नाबालिग करीब दो महीने तक अपने घर से दूर रही। इस दौरान वह किन परिस्थितियों में रही और उसे किन समस्याओं का सामना करना पड़ा, यह पुलिस जांच का विषय है। बाद में किसी तरह वहां से निकलकर वह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। बेटी की बात सुनने के बाद परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

बिशुनपुर थाना में लिखित शिकायत, कार्रवाई की मांग
बताया गया है कि 2 नवंबर 2026 को बिशुनपुर थाना में लिखित शिकायत देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नाबालिगों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर रोजगार के नाम पर भोली-भाली नाबालिग लड़कियों को दूसरे राज्यों में ले जाने के खतरों को उजागर किया है। सवाल यह है कि नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर आखिर कब तक मासूम बेटियों की जिंदगी से खिलवाड़ होता रहेगा? ऐसे मामलों में त्वरित जांच, पीड़िता की सुरक्षा, काउंसलिंग और पुनर्वास के साथ दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|GUMLA









