बड़ी खबर:छात्रवृत्ति भुगतान और छात्रा वासों की बदहाली को लेकर छात्र समन्वय समिति का बड़ा ऐलान,जिला प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लिखित आश्वासन भी निकला बेअसर,अब 7 नवंबर को जिला कल्याण कार्यालय में होगी अनिश्चित कालीन तालाबंदी!

दुमका,Dumka:जिले में छात्रवृत्ति भुगतान में देरी और कल्याण छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ छात्र समन्वय समिति, दुमका ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।समिति ने 7 नवंबर 2026 को जिला कल्याण कार्यालय,दुमका में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने की घोषणा की है।मंगलवार, 3 नवंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के छात्र नेताओं ने कल्याण विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लिखित आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।

समिति के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को छात्र समन्वय समिति के नेतृत्व में एसपी कॉलेज, दुमका से समाहरणालय तक छात्र जनाक्रोश महारैली निकाली गई थी। इस दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी के साथ छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लिखित वार्ता हुई थी। समस्याओं के समाधान के लिए 30 दिनों का समय निर्धारित किया गया था। लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी किसी समस्या का ठोस समाधान नहीं किया गया। समिति का आरोप है कि विभाग की ओर से अब तक स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई है।

ये हैं छात्र समन्वय समिति की प्रमुख मांगें

समिति ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 एवं 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति का तत्काल भुगतान करने, सत्र 2026-27 की छात्रवृत्ति प्रक्रिया समय पर पूरी करने तथा दुमका जिले के सभी कल्याण छात्रावासों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। इसके अलावा जर्जर छात्रावास भवनों की मरम्मत एवं नए भवनों का निर्माण, रसोइया, रात्रि प्रहरी और सफाई कर्मियों की पर्याप्त नियुक्ति, पेयजल, बिजली, शौचालय एवं स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।

वहीं, छात्रावासों में बेड, फर्नीचर, रसोई सामग्री, पुस्तकालय और खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराने के साथ सभी कल्याण छात्रावासों का स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान की समयसीमा निर्धारित करने की मांग भी शामिल है।

हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है सवाल

छात्र समन्वय समिति का कहना है कि संताल परगना के हजारों गरीब, आदिवासी एवं वंचित परिवारों के विद्यार्थी छात्रवृत्ति और कल्याण छात्रावासों के सहारे अपनी उच्च शिक्षा जारी रखते हैं। ऐसे में छात्रवृत्ति भुगतान में लगातार देरी और छात्रावासों की बदहाल स्थिति विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

समिति ने स्पष्ट किया है कि 7 नवंबर को प्रस्तावित अनिश्चितकालीन तालाबंदी की पूरी जिम्मेदारी जिला कल्याण पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग की होगी। समिति ने सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि आंदोलन की निर्धारित तिथि से पहले सभी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की जाए, अन्यथा छात्र लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

समिति ने दो टूक कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर समाधान चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र समन्वय समिति के छात्र नेता डॉ. श्यामदेव हेम्ब्रम, शोधार्थी राजेंद्र मुर्मू, एमैनुएल हेम्ब्रम, दरबारी हेंब्रम, रंजीत मुर्मू, संतोष मरांडी, मनोज टुडू, निशान मरांडी सहित कई छात्र उपस्थित थे।

REPORTER:SUSHANT SOREN|DUMKA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें