रात के अंधेरे में क्रशर लूट का खेल, पाकुड़ पुलिस का बड़ा प्रहार,बंगाल के 3 अभियुक्त गिरफ्तार,5 मोटर समेत लूट का सामान बरामद!
पाकुड़,Pakur:जिले में स्टोन क्रशर और खदानों को निशाना बनाकर लगातार लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अपराधियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कई क्रशर प्लांट में लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया था। नाइट गार्ड और मजदूरों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लाखों रुपये के उपकरण और अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्रशर संचालकों और मजदूरों में दहशत का माहौल था। आखिरकार पाकुड़ पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर पश्चिम बंगाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर इस गिरोह का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूट की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया बड़ा पिकअप वाहन, मोबाइल फोन, हसुआ सहित अन्य सामान जब्त किया है। इसके अलावा लूटे गए तीन बड़े और दो छोटे क्रशर मोटर तथा एक क्षतिग्रस्त डीवीआर भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में लगातार हो रही क्रशर लूट की घटनाओं के खुलासे की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गार्डों को बनाया बंधक, हथियार के बल पर दिया लूट की घटनाओं को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने सबसे पहले 24 अक्टूबर को हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला स्थित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट कंपनी को निशाना बनाया था। यहां अपराधियों ने रात के समय नाइट गार्ड और मजदूरों को बंधक बना लिया और क्रशर से संबंधित कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।
इसके बाद अपराधियों ने 29 और 31 अक्टूबर की रात रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के अंबियापहाड़ी स्थित एमएस दत्ता स्टोन, एमएस कृष्णा स्टोन वर्क्स तथा बलियापतरा स्थित एमएस मधुसूदन स्टोन में भी लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इन घटनाओं में भी अपराधियों ने सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर सामान लूट लिया था।
अपराधियों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। 2 नवंबर को महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर में भी 8 से 10 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने हथियार और लाठी के बल पर नाइट गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और वहां से सामान लूटकर फरार हो गए।
लगातार एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी। अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी।
एसपी ने गठित की विशेष टीम, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज
लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मामले के उद्भेदन के लिए विशेष रणनीति तैयार की। उन्होंने एसडीपीओ पाकुड़ और एसडीपीओ महेशपुर के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल यानी एसआईटी का गठन किया।
गठित टीम ने सभी घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पता चला कि अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इन लूट की घटनाओं के पीछे एक ही अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय था। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर कार्रवाई की और महज एक सप्ताह के भीतर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
बंगाल के तीन आरोपी गिरफ्तार, कई आपराधिक मामलों में भी नाम
पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मिथुन सरकार उर्फ मिठुन सरकार तथा मुर्शिदाबाद जिले के रिंकु शेख और नबी शेख को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान इन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मुख्य आरोपी मिथुन सरकार सहित अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पाकुड़ के अलावा पश्चिम बंगाल के अलग-अलग थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह के नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
पिकअप वाहन, हथियार और पांच क्रशर मोटर बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट की वारदातों में इस्तेमाल किया गया बड़ा पिकअप वाहन, मोबाइल फोन, हसुआ और अन्य सामान जब्त किया है। इसके साथ ही तीन बड़े और दो छोटे क्रशर मोटर तथा एक क्षतिग्रस्त डीवीआर बरामद किया गया है।
बरामदगी से पुलिस को गिरोह की कार्यशैली और लूट की घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने जिले में कितनी अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है और लूटे गए सामान को कहां-कहां खपाया जाता था।
अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में अन्य अपराधियों के शामिल होने की भी आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस उनके सहयोगियों और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
पाकुड़ जिले में लगातार स्टोन क्रशर और खदानों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। जिस गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में गार्डों को बंधक बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, उनके तीन सदस्यों की गिरफ्तारी से पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।
अब पुलिस की नजर गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने और लूट की अन्य घटनाओं का खुलासा करने पर है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR









