मंत्री के बयान की चिंगारी से पाकुड़ में सियासी अंगार,बिरसा चौक पर भाजपा का प्रहार,राहुल गांधी का पुतला दहन कर मांगी इरफान की बर्खास्तगी!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

40 लाख युवाओं को लेकर दिए गए बयान पर गरमाई सियासत, भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा; इरफान अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग

पाकुड़,Pakur: जिले में शुक्रवार की शाम स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित विवादित बयान को लेकर सियासी पारा चढ़ गया। भाजपा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नगर के बिरसा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मंत्री इरफान अंसारी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।

बड़बोले बयान पर भाजपा का हमला, बर्खास्तगी की मांग

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मिठू भगत ने स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा 40 लाख युवाओं के तैयार होने और राहुल गांधी के इशारे पर देश के हालात श्रीलंका एवं बांग्लादेश जैसे बनाने की बात कहना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। नेताओं ने कहा कि इस तरह के बयान से युवाओं को भड़काने और देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि ऐसे बयान देने वाले मंत्री को अविलंब मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ देशद्रोह सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग संविधान की रक्षा की बात करते हैं, उन्हें पहले अपनी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों को संवैधानिक मर्यादा का पाठ पढ़ाना चाहिए।

विकसित भारत के संकल्प के साथ खड़ा है युवा: रतन कुमार भगत

वहीं, भाजपा युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष रतन कुमार भगत ने कहा कि देश का युवा किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। आज का शिक्षित और जागरूक युवा देशहित तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को दिग्भ्रमित करने और देश की स्थिरता को प्रभावित करने वाली किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

नारेबाजी के बीच हुआ पुतला दहन

पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपा एवं भाजयुमो के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया और भारत माता की जय के नारे लगाए। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य मंत्री के बयान को लेकर पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें