मंझली साली से नजदीकियों का विरोध बनी मासूम की मौत की वजह,बहन से बात कराने के बहाने घर से ले गया था आरोपी; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और खून से सना गमछा किया बरामद
गोड्डा,Godda:जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय आदिवासी बच्ची नीतू मरांडी उर्फ सोनामुनी मरांडी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस रिश्ते पर परिवार की सुरक्षा और भरोसे की जिम्मेदारी थी, उसी रिश्ते ने मासूम की जिंदगी छीन ली। पुलिस जांच में बच्ची का हत्यारा उसका अपना जीजा मनोज मुर्मू निकला। पुलिस के अनुसार, मंझली साली के साथ आरोपी की बढ़ती नजदीकियां और पारिवारिक विवाद इस जघन्य वारदात की वजह बने।
बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात बच्ची का सिर कटा शव ललमटिया थाना क्षेत्र में बरामद किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की। बाद में घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित खेत से बच्ची का कटा हुआ सिर भी बरामद किया गया। इस निर्मम वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मंझली साली से नजदीकियां बनी हत्या की वजह
मामले का खुलासा करते हुए महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी मनोज मुर्मू मृतका का बहनोई है और दूसरे गांव में रहता था। उसकी पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, पत्नी की मृत्यु के बाद मनोज की नजदीकियां अपनी मंझली साली यानी मृतका की बड़ी बहन से बढ़ गई थीं। इन दोनों के बीच बढ़ते संबंधों की जानकारी नीतू को भी थी।
घटना वाले दिन मनोज अपने ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान मनोज और उसकी मंझली साली के बीच किसी बात को लेकर विवाद और नोकझोंक हो गई। दोनों के बीच नाराजगी बढ़ गई। आरोपी ने अपनी साली को मनाने का काफी प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने दूसरा रास्ता अपनाया।
बहन से बात कराने के बहाने मासूम को ले गया बाहर
पुलिस के मुताबिक, मनोज ने नीतू की मंझली बहन से बातचीत कराने के बहाने बच्ची को घर से बाहर बुलाया। लेकिन नीतू ने अपनी बहन से बात कराने से इनकार कर दिया। इससे आरोपी का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद वह बच्ची को खेतों की ओर ले गया, जहां कथित तौर पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
30 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, हथियार बरामद
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। महज 30 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मनोज मुर्मू को चिह्नित कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और खून से सना गमछा भी बरामद किया है।
पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा और मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बच्ची को अपने ही परिवार के सदस्यों से सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, उसी परिवार के एक रिश्तेदार पर उसकी हत्या का आरोप सामने आया है।
REPORTER|GYANDEEP KUMAR|GODDA









