फर्जी नंबर प्लेट के सहारे चल रहा था शराब तस्करी का खेल,जामताड़ा पुलिस ने खोली पोल,434 बोतल शराब के साथ तीन गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्कॉर्पियो पर बंगाल और झारखंड के अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल,बिहार में शराब खपाने की थी तैयारी

Jamtara:जिले में अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाला थाना पुलिस ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान शराब तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए 434 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है।तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फर्जी नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल,दो अति रिक्त नंबर प्लेट,चार मोबाइल फोन और 26,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

शनिवार को नाला थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ किशोर तिर्की ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर महेशमुंडा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में बंगाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

एक गाड़ी, तीन नंबर प्लेट और पुलिस को चकमा देने की साजिश

इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला खुलासा स्कॉर्पियो के नंबर प्लेट को लेकर हुआ। पुलिस जांच में वाहन पर लगा WB40AR-1027 नंबर फर्जी पाया गया। इसके अलावा स्कॉर्पियो से दो अन्य नंबर प्लेट भी बरामद हुईं, जिन पर JH15AC-4759 अंकित था। पुलिस के अनुसार, तस्कर अलग-अलग नंबर प्लेट बदलकर वाहन की पहचान छिपाने और पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहे थे। इस तरीके से बंगाल और झारखंड के नंबरों का इस्तेमाल कर तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था।

बंगाल से शराब की खेप, बिहार था अगला ठिकाना

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जब्त शराब पश्चिम बंगाल से लाई जा रही थी। बोतलों पर भी बंगाल का स्टीकर लगा हुआ है। तस्करों की योजना शराब को बिहार पहुंचाकर खपाने की थी। बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की मांग और ऊंची कीमतों के लालच में इस तरह की तस्करी किए जाने की आशंका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से उठाई गई थी और बिहार में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पांच ब्रांड की 434 बोतल शराब जब्त

पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी में कुल 434 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू 750 एमएल की 240 बोतल, आईकॉनिक व्हाइट 750 एमएल की 92 बोतल, ऑफिसर च्वाइस 750 एमएल की 42 बोतल, स्नोस्की 750 एमएल की 24 बोतल और ब्लेंडर प्राइड 650 एमएल की 36 बोतल शामिल हैं।

आगे चलकर रास्ते की कर रहा था निगरानी, मोटरसाइकिल चालक भी गिरफ्तार

पुलिस ने तस्करी के इस मामले में एक और अहम कड़ी का खुलासा किया है। स्कॉर्पियो के आगे बजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति कथित तौर पर रास्ते की रेकी कर रहा था। मोटरसाइकिल का नंबर WB38BD-4931 बताया गया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक दयामय मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि तस्करी के दौरान अन्य लोग भी इस नेटवर्क में शामिल थे या नहीं।

तीन आरोपी गिरफ्तार, 26,200 रुपये नकद बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (29), चंदन कुमार (38) और दयामय मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक स्कॉर्पियो, 434 बोतल अंग्रेजी शराब, दो अतिरिक्त नंबर प्लेट, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और कुल 26,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

बरामद नकदी और मोबाइल में चंदन कुमार के पास से एक वनप्लस मोबाइल और 2,100 रुपये, अमित कुमार के पास से एक वीवो मोबाइल और 4,100 रुपये तथा दयामय मंडल के पास से दो मोबाइल फोन और 20,000 रुपये नकद शामिल हैं।

एसडीपीओ किशोर तिर्की ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि तस्करी के मुख्य सरगनाओं और अन्य सहयोगियों तक पहुंचा जा सके।

इस मामले में नाला थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापामारी दल में नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के नेतृत्व में एएसआई निताय कुमार दास, एएसआई बलभद्र टुडू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें