राष्ट्रीय स्तर की तीन खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों को दी गई शुभ कामनाएं,प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला
Sahibganj:जिला कबड्डी संघ साहिबगंज की ओर से दीपा वली के पावन अवसर पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।इस दौरान खिलाड़ियों खेल प्रेमियों एवं संघ के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से 111 दीप प्रज्वलित कर प्रकाश पर्व की खुशियां मनाईं। नारियल फोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दीपों की जगमगाती रोशनी से पूरा खेल मैदान परिसर रोशन हो उठा। आयोजन के माध्यम से प्रेम, एकता, भाईचारा, सामाजिक सद्भाव एवं सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की तीन खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने जा रहे जिले के प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ियों लालू यादव एवं हीरालाल यादव के साथ बालिका वर्ग की खिलाड़ी प्रीति कुमारी, दिव्या कुमारी, चांदनी कुमारी, प्राची कुमारी एवं लाडो कुमारी को विशेष रूप से शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित खेल प्रेमी गोपाल प्रसाद सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन की कामना की।
कार्यक्रम में जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू एवं सचिव वीरेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि साहिबगंज जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। संघ लगातार प्रयासरत है कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, उचित अवसर और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से साहिबगंज जिले का नाम रोशन करेंगे।
वहीं साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम नहीं है,बल्कि इससे अनुशासन,टीम भावना,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की प्रेरणा भी मिलती है। जिले के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेना पूरे साहिबगंज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ उन्हें उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल से जिले एवं राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
दीपोत्सव का यह आयोजन खेल भावना के साथ-साथ सामाजिक एकता,आपसी सद्भाव और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दीप प्रज्वलित कर खिलाड़ियों की सफलता, उज्ज्वल भविष्य और खेल जगत में निरंतर उपलब्धियों की मंगलकामना की।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









