पूर्वी फाटक में रात दो बजे वारदात से मचा हड़कंप,गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर,पवन कुमार शाह पर गोली मारने का आरोप
Sahibganj;जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए।जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में देर रात करीब दो बजे गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।इस वारदात में 45 वर्षीय मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए।गोली उनके सिर में लगी है।घटना के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात पूर्वी फाटक इलाके में मुन्ना साह को पवन कुमार शाह ने कथित तौर पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उप चार किया।चिकित्सक ने बताया कि घायल के सिर में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है।बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
इधर घायल के पुत्र ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को पवन कुमार शाह ने गोली मारी है।हालांकि गोलीबारी के पीछे की वजह क्या थी,इसकी स्पष्ट जानकारी परिजनों को भी नहीं है। घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता एवं जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे।पुलिस पदाधिकारियों ने घायल के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
शहर के रिहायशी इलाके में आधी रात हुई इस गोलीबारी की घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









