बड़ी खबर:दनुआ घाटी में मौत बनकर दौड़ा ट्रेलर,बनारस जा रहे परिवार की उजड़ गई दुनिया,सात की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नियति ने ऐसा दर्द लिख दिया,अंतिम विदाई के सफर को मौत का सफर बना दिया

Hazaribag:जीटी रोड की दनुआ घाटी एक बार फिर खून से लाल हो गई। सोमवार सुबह चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मोड़ के समीप महानेटांड कट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे ने एक ऐसे परिवार की खुशियां छीन लीं, जो अपने एक परिजन का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहा था। अपनों को अंतिम विदाई देने निकले परिवार के कई सदस्यों को खुद काल ने अपनी आगोश में ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत अटका गांव से करीब 20 लोग एक सवारी वाहन में सवार होकर बनारस के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान दनुआ घाटी के महानेटांड कट के समीप वाहन के ऊपर रखे शव को सुरक्षित रखने के लिए बांधी गई रस्सी ढीली हो गई। इसके बाद वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर यात्री रस्सी ठीक करने लगे। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी वाहन से टकरा गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। एक के बाद एक हुई दुर्घटनाओं से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी। स्थानीय लोग तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया। वहीं, कुछ घायलों को रिम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से मचा कोहराम

हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे उनके पुत्र सीताराम ने बताया कि इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार पहले से ही एक सदस्य की मृत्यु के कारण शोक में था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। एक साथ कई अपनों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सांसद प्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल, जाना घायलों का हाल

हादसे की सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर वे घायलों का हाल जानने और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने इस दुर्घटना को बेहद मार्मिक और हृदयविदारक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ट्रॉमा सेंटर में उपाधीक्षक ने संभाली व्यवस्था

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर घायलों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें