Ranchi:कभी रास्ते में दम तोड़ती गाड़ी,कभी जवाबों पर पहरा,मरांडी ने हेमंत सरकार से पूछा—आखिर ‘ऊपर’ कौन है चेहरा!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुलेटप्रूफ गाड़ी की बदहाली पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा कदम, मुख्यमंत्री को लौटाया वाहन; हेमंत सोरेन से पूछा—‘आखिर ऊपर से रोक कौन लगा रहा है!’

Ranchi:झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में इस्तेमाल हो रहे बुलेटप्रूफ वाहनों की बदहाल स्थिति को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई बुलेटप्रूफ गाड़ी को ससम्मान वापस लौटाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर गृह विभाग को वाहन विधिवत प्राप्त करने और इसकी पावती उनके कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश देने का आग्रह किया है।

मरांडी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि बार-बार बीच रास्ते में खराब हो रही गाड़ी की शिकायत कई बार सरकार के उच्चाधिकारियों से करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि क्या वे स्वयं ऐसी गाड़ी में बैठकर प्रदेश का दौरा करना पसंद करेंगे, जो कभी भी रास्ते में बंद हो सकती है।

बाबूलाल मरांडी ने पत्र में याद दिलाया है कि उन्होंने 21 मार्च 2026 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बुलेटप्रूफ वाहनों की खराब स्थिति से अवगत कराया था। उनके अनुसार, दिसंबर 2024 में गृह विभाग ने 17 बुलेटप्रूफ वाहन खरीदे थे। इनमें तीन मुख्यमंत्री के उपयोग के लिए और दो राजभवन के लिए आवंटित किए गए थे, जबकि शेष 12 वाहन वीआईपी आवागमन के लिए मुख्यालय के रिजर्व में रखे गए थे। इसके बावजूद पूर्व मुख्यमंत्रियों को 10 से 12 वर्ष पुरानी गाड़ियों से काम चलाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि उनके आप्त सचिव राजेंद्र तिवारी ने भी गृह सचिव को लिखित रूप से जानकारी दी थी कि उन्हें आवंटित बुलेटप्रूफ सफारी करीब 13 वर्ष पुरानी हो चुकी है। वहीं, काफिले में सुरक्षा जवानों के लिए इस्तेमाल की जा रही तीन जिप्सियां भी जर्जर अवस्था में हैं और चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक और आईजी प्रोविजन को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक ठोस समाधान सामने नहीं आया।

पत्र में मरांडी ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े जवानों की परेशानियों का भी मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि गाड़ी का रास्ते में बंद होना केवल मरम्मत का मामला नहीं है, बल्कि इससे चालक और सुरक्षाकर्मियों की जिम्मेदारी तथा सुरक्षा पर सीधा असर पड़ता है। ऐसी स्थिति में जवानों को एक साथ खराब वाहन, सड़क पर भीड़ और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है।

सबसे गंभीर सवाल उठाते हुए मरांडी ने कहा कि अनौपचारिक बातचीत में अधिकारियों की ओर से बताया जाता है कि गाड़ी बदलने पर ‘ऊपर से रोक’ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्पष्ट करने की मांग की है कि आखिर यह ‘ऊपर’ कौन है और किसके निर्देश पर वाहन बदलने का फैसला रोका जा रहा है। यदि ऐसा कोई निर्देश नहीं है तो अधिकारी किसके नाम की आड़ लेकर निर्णय टाल रहे हैं।

मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा व्यवस्था का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, अर्जुन मुंडा के कार्यालय से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच छह पत्र भेजे गए थे। 14 मार्च 2026 को गृह विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश भी दिया था। इसके बावजूद शिकायत बनी रही। उन्होंने 6 नवंबर की रात चौका के पास अर्जुन मुंडा के काफिले के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना का जिक्र करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री के उपयोग के लिए नए वाहनों का आवंटन हो जाता है, तो विपक्ष में बैठे पूर्व मुख्यमंत्रियों को अपने काफिले की गाड़ियों को दुरुस्त रखने के लिए बार-बार पत्र क्यों लिखना पड़ता है। उन्होंने गृह विभाग से खरीदे गए बुलेटप्रूफ वाहनों की वर्तमान स्थिति, उनके उपयोग, रिजर्व में रखे जाने और खराब वाहनों के विकल्प पर लिए गए निर्णय की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी ने सरकार से सात दिनों के भीतर उनके पुराने पत्रों और शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही, उनके और उनके साथ चलने वाले सुरक्षा जवानों के लिए तकनीकी जांच में उपयुक्त पाए गए वाहन उपलब्ध कराने तथा सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंड पर समीक्षा कराने की मांग की है।

पत्र के अंत में मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति हमेशा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं रहता। एक दिन उनके नाम के आगे भी पूर्व मुख्यमंत्री लिखा जाएगा। उस दिन यदि उनकी गाड़ी रास्ते में बंद हो जाए और अधिकारी उन्हें भी ‘ऊपर से रोक’ होने की बात कहें, तो वे क्या जवाब चाहेंगे। मरांडी ने इसी सवाल के साथ मुख्यमंत्री से वर्तमान मामले में स्पष्ट जवाब मांगा है।

अब देखना होगा कि राज्य सरकार और गृह विभाग इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें