Ranchi:झारखंड की वित्तीय व्यवस्था पर प्रतुल शाह देव का हमला,बोले- बजट खर्च करने में नाकाम सरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31,416 करोड़ रुपये खर्च नहीं होने का दावा, ठेकेदारों के भुगतान लंबित रहने से विकास योजनाओं पर पड़ रहा असर

Ranchi:झारखंड की वित्तीय स्थिति और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भाजपा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है।भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने आरोप लगाया कि राज्य का वित्तीय प्रबंधन पूरी तरह चरमरा गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड का खजाना खाली होने से ज्यादा गंभीर सवाल सरकार की वित्तीय कार्यप्रणाली और बजट प्रबंधन को लेकर है। सरकार कर्ज और वित्तीय कुप्रबंधन के बीच राज्य को आगे बढ़ाने का दावा कर रही है, जबकि विकास योजनाओं के लिए आवंटित राशि का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है।

प्रतुल शाह देव ने कहा कि सरकार की वित्तीय कार्यप्रणाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बजट में विकास योजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने के बावजूद लगभग 31,416 करोड़ रुपये खर्च नहीं हो पाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में राज्य का वार्षिक राज कोषीय घाटा बढ़कर 14,527 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था, जबकि कुल देनदारियां भी 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई हैं। उनके अनुसार ये आंकड़े राज्य के वित्तीय प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

उन्होंने सरकारी निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदारों के भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठाया। प्रतुल ने कहा कि सड़क,भवन, पुल-पुलिया समेत विभिन्न सरकारी परियोजनाओं को पूरा करने वाले ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। भुगतान के लिए ठेकेदार विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इसका असर निर्माण कार्यों की गति पर पड़ रहा है। छोटे ठेकेदारों की पूंजी फंसने के साथ मजदूरों, सप्लायरों और बैंकों का बकाया चुकाने में भी परेशानी हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान में देरी के कारण राज्य की विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। विकास कार्यों की रफ्तार धीमी होने से सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के समय पर पूरा होने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रतुल शाह देव ने कैग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में 52,855 उपयोगिता प्रमाणपत्र लंबित हैं और उनसे संबंधित 1,60,565 करोड़ रुपये की राशि का हिसाब उपलब्ध नहीं होने का मामला गंभीर है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जनता के पैसे का उपयोग किन कार्यों में किया गया और संबंधित राशि का हिसाब देने में इतनी देरी क्यों हो रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने हेमंत सोरेन सरकार से राज्य की वास्तविक वित्तीय स्थिति को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता को ऐसी व्यवस्था चाहिए, जिसमें उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपयोग हो तथा विकास योजनाओं के लिए निर्धारित बजट जमीन पर खर्च होता दिखाई दे। उन्होंने कहा कि जब सरकारी परियोजनाओं में काम करने वाले ठेकेदारों का भुगतान लंबित है, तो विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के सरकारी दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें