10 नवंबर को सात जिलों में मशाल जुलूस,11 को आदिवासी महिलाओं का कैंडल मार्च और 17 नवंबर को मंडल स्तर पर होगा प्रदर्शन
Ranchi:दिवंगत युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़े इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने प्रेस वार्ता में कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए संगठन आदिवासी समाज के साथ मिलकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगा।
सन्नी टोप्पो ने बताया कि इस मामले को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत 10 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सात संगठनात्मक जिलों रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के अंतिम चरण में 18 नवंबर को संपूर्ण दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को संरक्षण देने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक भाजपा एसटी मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 7 नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में एक साथ प्रदर्शन और पुतला दहन कर निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई थी।
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि निशा भगत का मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी प्रकार की लीपापोती या पक्षपात की आशंका को दूर करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। एसटी मोर्चा आदिवासी समाज के न्याय और अधिकारों की लड़ाई में मजबूती से खड़ा है।
भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने की लड़ाई किसी एक परिवार या संगठन तक सीमित नहीं है,बल्कि यह आदिवासी समाज की बेटियों के सम्मान,सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की।
नेताओं ने आदिवासी समाज के प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं से आंदोलन को समर्थन देने तथा 18 नवंबर के बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने दोहराया कि निशा भगत को न्याय, निष्पक्ष सीबीआई जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत सहित अन्य उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









