रेहला में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प,पथ राव में चार पुलिस जवान घायल; सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त
Palamu:जिले में काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन का जुलूस उस समय तनाव और हिंसा में बदल गया,जब रेहला थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।स्थिति को नियंत्रित करने और दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कराने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।अचा नक हुए पथराव में चार पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस का एक सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। झड़प में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।
घटना के संबंध में रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस हमले में चार जवान जख्मी हो गए और पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, हालांकि फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही है। विवाद शांत होने के बाद प्रशासन की देखरेख में प्रतिमा का विसर्जन भी संपन्न कराया गया। वहीं, घटना में घायल ग्रामीणों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आस्था और उत्सव के मौके पर उपजा यह विवाद अब कानून- व्यवस्था का सवाल बन गया है। पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|PALAMU









