दुमका DIG अंबर लकड़ा ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, फॉरेंसिक जांच के साथ होगी स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई,पीड़ित परिवार को मिलेगी तीन लाख की सहायता
Sahibganj:जिले में दीपावली की रात हुए चर्चित मुन्ना साह हत्याकांड की जांच तेज हो गई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अंबर लकड़ा साहिबगंज पहुंचे और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अब तक हुई जांच की बिंदुवार जानकारी ली तथा अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की।
जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड में झारखंड पुलिस के दो सेवारत जवानों की संलिप्तता है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन साह और रूपक पासवान के रूप में हुई है। दोनों साहिबगंज के मूल निवासी हैं, जबकि उनकी तैनाती दूसरे जिलों में थी। मुख्य आरोपी पवन साह बोकारो जिले में एक पदाधिकारी के अंगरक्षक के रूप में तैनात था,जबकि रूपक पास वान देवघर जिला बल में पदस्थापित था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी जब्त किए हैं।वहीं घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है। डीआईजी अंबर लकड़ा ने बताया कि फॉरेंसिक जांच और वैज्ञानिक अनुसंधान की रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी पुलिसकर्मी हों या कोई अन्य व्यक्ति, कानून के तहत निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इधर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत राहत देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से अगले दो से तीन दिनों के भीतर परिवार को तीन लाख रुपये की अंतरिम सहायता राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है।पुलिस ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर आरोप पत्र दाखिल करने और मामले में स्पीडी ट्रायल कराने का भी भरोसा दिलाया है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









