Jamtara:कैंसर मरीजों को बड़ी राहत,137 दवाओं की कीमतों में 75% तक की कटौती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वास्थ्य मंत्री डॉ.इरफान अंसारी की पहल, झारखंड के सभी सदर अस्पतालों में CT Scan और PET Scan सुविधा विकसित करने की तैयारी

Jamtara:कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है।महंगी दवाओं के कारण इलाज में आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे मरीजों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।केंद्र सरकार के औषधि मूल्य निर्धारण संबंधी फैसले के तहत 137 कैंसर दवाओं की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की कमी का लाभ मिल सकेगा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए राज्य में इसे प्रभावी ढंग से लागू कराने की दिशा में पहल शुरू करने की बात कही है।

मंत्री के अनुसार भारत सरकार के औषधि विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित करने का निर्णय लिया था। यह व्यवस्था 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। इसके परिणामस्वरूप कई कैंसर दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) में 50 से 75 प्रतिशत तक की कमी संभव हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकना चाहिए। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए महंगी दवाइयों का खर्च उठाना बेहद मुश्किल होता है। कई परिवार इलाज के लिए अपनी जमा-पूंजी और संपत्ति तक बेचने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वे मरीजों और उनके परिजनों की परेशानियों को समझते हैं।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नई कीमतों का लाभ मरीजों तक पहुंचाने के लिए एसओपी तैयार करने तथा अस्पतालों और दवा विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की पहल की है।

उन्होंने बताया कि कुछ प्रमुख कैंसर दवाओं की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आई है। स्तन कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली पाल्बोसिक्लिब (PALBACE PRO) की कीमत पहले लगभग 41 हजार रुपये बताई गई थी, जो संशोधित कीमत के अनुसार करीब 2700 रुपये हो सकती है। वहीं, प्रोस्टेट कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली एबिराटेरोन (ABIROW) की कीमत 45 हजार रुपये से घटकर लगभग 4 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, वास्तविक कीमत दवा की स्ट्रेंथ और पैक के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।

सभी जिलों में आधुनिक जांच सुविधाएं विकसित करने की तैयारी

कैंसर के उपचार और शुरुआती पहचान को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में सीटी स्कैन और पीईटी स्कैन जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही जिला स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

डॉ. अंसारी ने कहा कि कैंसर की जांच के लिए गरीब मरीजों को रांची या दूसरे बड़े शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह उनकी प्राथमिकता है। महिलाओं में स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग सहित अन्य प्रकार के कैंसर की समय पर पहचान पर विशेष जोर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने पहले भी केंद्र सरकार के समक्ष कैंसर की महंगी दवाओं का मुद्दा उठाया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान झारखंड के गरीब मरीजों की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया गया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि पैसे के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज बाधित न हो और जिला स्तर पर ही बेहतर जांच एवं उपचार की सुविधाएं विकसित की जा सकें।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें