Sahibganj:जिस गढ़ पर था झामुमो को नाज,वहीं उठी बगावत की आवाज!राजा राम मरांडी ने सैकड़ों समर्थकों संग थामा भाजपा का हाथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में झबरी में आयोजित मिलन समा रोह में भाजपा में शामिल हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता,बोले—हेमंत सोरेन के अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में दरकने लगा झामुमो का किला।

Sahibganj:झारखंड की सियासत में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है।जिस बरहेट विधानसभा क्षेत्र को झारखंड मुक्ति मोर्चा का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है, उसी धरती पर अब पार्टी को बड़ा झटका लगा है।झामुमो के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी ने अपने सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।इस राजनीतिक घटनाक्रम ने बरहेट से लेकर साहिबगंज तक सियासी हलचल तेज कर दी है।

बरहेट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में राजा राम मरांडी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे भाजपा संगठन के लिए मजबूती का संकेत बताया।

बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार से जनता का मोहभंग होता जा रहा है। सरकार की नीतियों और कार्यशैली से निराश होकर लोग अब बदलाव की उम्मीद में भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी झलक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में भी दिखाई देने लगी है। झामुमो का मजबूत माना जाने वाला किला अब दरकने लगा है। राजा राम मरांडी का सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होना इसी बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है।

उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में गुंडागर्दी चरम पर है और पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। आम लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को कथित रूप से झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।

बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज जिले के बैसभीठा गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता जगन मुर्मू का मामला उठाते हुए कहा कि गांव के ही प्रामाणिक मुर्मू द्वारा कथित रूप से झूठे एवं मनगढ़ंत मुकदमे में फंसाकर उन्हें जेल भेजना दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी किसी राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने के बजाय निष्पक्षता से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने थाना प्रभारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से लोगों को कथित झूठे मुकदमों में फंसाने की कार्रवाई बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में गुंडागर्दी नहीं चलेगी और भाजपा जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।

राजा राम मरांडी बोले—मूल विचारधारा से भटक गई झामुमो

वहीं भाजपा में शामिल होने के बाद राजा राम मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा में लंबे समय तक काम करने के बाद अब उन्हें महसूस हुआ कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और जनहित के मुद्दों से भटक गई है।हेमंत सोरेन सरकार से जनता का मोह भंग होता जा रहा है।राज्य में आदिवासी समाज सहित आम जनता की उम्मीदों पर सरकार खरी नहीं उतर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। अब वे भाजपा को मजबूत करने और झारखंड की जनता की आवाज बुलंद करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दिखी भाजपा की ताकत

मिलन समारोह में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी, सिद्धो-कान्हो के वंशज मंडल मुर्मू, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता,पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बरहेट में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने क्षेत्र के सियासी समी करणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। अब सवाल यह है कि राजा राम मरांडी के भाजपा में शामिल होने से बरहेट में झामुमो की राजनीतिक पकड़ कितनी प्रभावित होगी और भाजपा को आने वाले दिनों में इसका कितना लाभ मिलेगा।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHAIT

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें