इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे परिजनों का आरोप—पहले 20 हजार,फिर 10 हजार की मांग; रिपोर्टों में अंतर देख भड़के परिजन, अस्पताल प्रबंधन ने मीडिया से बात करने से किया इनकार
Ranchi:बीमारी से जूझते मरीज को जहां बेहतर इलाज और भरोसे की उम्मीद होती है, वहीं अगर अस्पताल की रिपोर्टों में ही अंतर नजर आने लगे तो परिजनों की चिंता और सवाल दोनों बढ़ना लाजिमी है।राजधानी रांची के तिलता चौक स्थित अमृत अस्प ताल की कार्यप्रणाली को लेकर ऐसा ही एक मामला सामने आया है।यहां इलाज करा रहे एक मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर दो अलग-अलग मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध कराने और इलाज के नाम पर लगातार पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक अस्पताल की ओर से उन्हें एक मेडिकल रिपोर्ट दी गई थी,जबकि अस्पताल की अपनी फाइल में दूसरी रिपोर्ट रखी हुई थी।जब परिजनों की नजर फाइल में मौजूद रिपोर्ट पर पड़ी तो वे हैरान रह गए।उनका दावा है कि दोनों रिपोर्टों में अंतर है।इसके बाद उन्होंने इलाज की प्रक्रिया और रिपोर्ट की विश्वसनीयता को लेकर अस्पताल प्रबंधन से सवाल उठाने शुरू कर दिए।
पहले 20 हजार,फिर 10 हजार रुपये लेने का आरोप
मरीज के परिजनों का आरोप है कि इलाज शुरू करने के नाम पर शुरुआत में 20 हजार रुपये की मांग की गई थी,जिसमें से उन्होंने 15 हजार रुपये जमा किए।इसके बाद एक दिन फिर उनसे 10 हजार रुपये लिए गए।परिजनों का कहना है कि इलाज के नाम पर लगातार बिल बनाए जा रहे हैं और पैसे मांगे जा रहे हैं,लेकिन मेडिकल रिपोर्ट और उपचार की प्रक्रिया के संबंध में उन्हें स्पष्ट एवं संतोषजनक जानकारी नहीं दी जा रही है।
बिचौलिए के जरिए अस्पताल पहुंचाने का भी आरोप
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एक बिचौलिए के माध्यम से उन्हें अस्पताल लाया गया था।उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद संबंधित सुविधा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।इससे परिजनों के मन में अस्पताल की व्यवस्था और इलाज की प्रक्रिया को लेकर संदेह पैदा हुआ।

सवाल पूछने पर डांट-फटकार का आरोप
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के सामने दोनों रिपोर्टों में अंतर और लगातार हो रही पैसों की मांग को लेकर सवाल उठाए,तो उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय डांट-फटकार का सामना करना पड़ा।परिजनों के अनुसार वे मरीज के बेहतर इलाज और पूरे मामले की पारदर्शिता चाहते हैं।
मीडिया के सवालों पर अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब मीडिया ने अमृत अस्प ताल प्रबंधन से पूरे प्रकरण पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की,तो प्रबंधन ने बातचीत करने से इनकार कर दिया।ऐसे में अस्पताल की ओर से लगाए गए आरोपों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आ सका है।
अब जांच से खुलेगा रिपोर्टों का राज!
फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।आखिर एक ही मरीज की दो अलग-अलग रिपोर्ट क्यों तैयार हुईं! दोनों रिपोर्टों में अंतर का कारण क्या है! इलाज के नाम पर ली गई रकम का पूरा हिसाब क्या है! परिजनों को उपचार और मेडिकल रिपोर्ट के संबंध में स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई!
हालांकि,ये सभी आरोप फिलहाल मरीज के परिजनों की ओर से लगाए गए हैं।इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।मामले की निष्पक्ष जांच,दोनों मेडिकल रिपोर्टों के मिलान और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच और अस्पताल प्रबंधन के आधिकारिक पक्ष पर टिकी हैं।
REPORTER|VIJAY THAKUR|RANCHI









