हजारों यात्रियों की परेशानी को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने लिखा पत्र,रेल मंत्री और पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक तक मांग पहुंचाने की अपील।
Sahibganj:रेल की पटरी पर दौड़ती ट्रेनें विकास की रफ्तार तो बढ़ाती हैं,लेकिन जब अपने ही स्टेशन पर ठहराव न मिले तो सफर भी परेशानी बन जाता है। कुछ ऐसी ही समस्या से कोटालपोखर और आसपास के हजारों रेल यात्री जूझ रहे हैं। अब हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्थायी ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है।
इस जनहित के मुद्दे को लेकर भाजपा कोटालपोखर मंडल अध्यक्ष विकास कुमार भगत ने झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखकर कोटालपोखर रेलवे स्टेशन पर हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्थायी ठहराव की मांग उठाई है।
11 नवंबर 2026 को लिखे गए पत्र में उन्होंने बताया कि कोटालपोखर एवं आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों लोग प्रतिदिन रेल यात्रा के लिए इसी स्टेशन पर निर्भर रहते हैं। व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम नागरिकों के लिए यह स्टेशन आवागमन का प्रमुख माध्यम है।
विकास भगत ने पत्र में उल्लेख किया है कि हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13427 अप एवं 13428 डाउन) का कोटालपोखर स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से स्थानीय यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को पाकुड़ या बरहरवा जैसे दूरस्थ रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों खर्च होता है।
खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली विद्यार्थियों और आपातकालीन चिकित्सा की जरूरत वाले मरीजों के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
स्थायी ठहराव से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास भगत ने कहा कि कोटालपोखर रेलवे स्टेशन पर हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्थायी ठहराव होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय बताया।
उन्होंने बाबूलाल मरांडी से आग्रह किया है कि वे इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री एवं पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के समक्ष मजबूती से उठाएं, ताकि कोटालपोखर रेलवे स्टेशन पर हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्थायी ठहराव सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल हो सके।
अब जनप्रतिनिधियों की पहल पर टिकी यात्रियों की उम्मीदें
हावड़ा इंटरसिटी के ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है। यात्रियों का मानना है कि यदि इस ट्रेन का ठहराव कोटालपोखर में शुरू हो जाता है तो हजारों लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सकती है।
अब देखना होगा कि जनहित से जुड़ी इस मांग पर रेलवे और संबंधित जनप्रतिनिधि कब तक सकारात्मक पहल करते हैं। फिलहाल कोटालपोखर के लोगों की निगाहें एक ही उम्मीद पर टिकी हैं—ट्रेन गुजरे नहीं, अब स्टेशन पर रुके भी!
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









