प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी युवा माउंट स्पोर्टिंग क्लब केंदुआ ने कराया तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन,मुख्य अतिथि चरण हांसदा ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत।
Sahibganj:खेल के मैदान में जब जुनून,संघर्ष और प्रतिभा का संगम होता है,तो जीत का इतिहास लिखा जाता है।कुछ ऐसा ही नजारा साहिबगंज जिले के तालझारी प्रखंड अंतर्गत बृंदावन पंचायत क्षेत्र के केंदुआ फुटबॉल मैदान में देखने को मिला। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी युवा माउंट स्पोर्टिंग क्लब केंदुआ की ओर से तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में विभिन्न टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सूर्या नर्सिंग कॉलेज साहिबगंज और जेके बरहेट की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबले में सूर्या नर्सिंग कॉलेज साहिबगंज ने जेके बरहेट को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया और जीत का परचम लहराया। वहीं जेके बरहेट की टीम उपविजेता रही।

चरण हांसदा ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत, खेल को बढ़ावा देने की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के पूर्व तालझारी प्रखंड अध्यक्ष सह कद्दावर नेता चरण हांसदा शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर चरण हांसदा ने स्थानीय विधायक धनंजय सोरेन एवं राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की खेल के प्रति रुचि तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में सकारात्मक पहल जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, ताकि वे खेल के माध्यम से अपना और अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।

जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
टूर्नामेंट में विशेष अतिथि के रूप में बृंदावन पंचायत के मुखिया पौलुस मुर्मू एवं कुटहरी पंचायत के मुखिया मशीह टुडू शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन समिति को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
वहीं युवा माउंट स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष मार्शल मुर्मू ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को बेहतर मंच प्रदान करना है।
खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़ने की पहल
इस अवसर पर हमीद अंसारी (पूर्व प्रखंड सचिव), सुबासटेन मुर्मू, मेटमरांग सोरेन सहित क्लब के कई सदस्य, स्थानीय ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन से पूरे क्षेत्र में खेल का उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।जरूरत है तो उन्हें सही मंच, प्रोत्साहन और आगे बढ़ने का अवसर देने की है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TINPAHAR









