कोयल नदी की ओर से गांव में प्रवेश कर रहा था हाथी, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा; बालिका विद्यालय के समीप झाड़ियों में मिला मृत हाथी,वन विभाग ने शुरू की जांच।
Khunti:जंगल से आबादी की ओर बढ़ते कदमों को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही है।खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में झूलते बिजली के तार ने एक दंतैल हाथी की जान ले ली। इस दर्दनाक घटना के बाद तेतारी गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार रनिया-सोदे मुख्य पथ स्थित तेतारी गांव में बालिका विद्यालय के समीप झाड़ियों के पास गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंतैल हाथी कोयल नदी की ओर से गांव की तरफ प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान रास्ते में नीचे की ओर झूल रहे विद्युत तार की चपेट में आ गया। बिजली का करंट लगते ही हाथी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सुबह होते ही गांव में मची अफरा-तफरी
सुबह जब ग्रामीणों को हाथी की मौत की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना वन विभाग के वरीय अधिकारियों और रनिया थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
झूलते बिजली तारों पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण और जंगली इलाकों में झूलते बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि विद्युत तारों का उचित रखरखाव और समय पर मरम्मत की जाती, तो शायद इस बेजुबान वन्यजीव की जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों में दुख का माहौल है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|KHUNTI









