Ranchi:मैट्रिक-इंटर की परीक्षा अब पड़ेगी जेब पर भारी,जैक ने फिर बढ़ाया शुल्क; दो साल में करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैट्रिक में 1100 से 1800 और इंटर में 1220 से 2020 रुपये तक पहुंचा परीक्षा शुल्क, साढ़े सात लाख विद्यार्थियों पर पड़ेगा असर

Ranchi:झारखंड में मैट्रिक और इंटर की बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इस बार परीक्षा में शामिल होने के लिए पहले से अधिक पैसे खर्च करने होंगे। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है।नई दरें लागू होने के बाद परीक्षार्थियों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। अब विद्यार्थियों को 120 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा।

सबसे चिंता की बात यह है कि जैक ने लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क में वृद्धि की है। पिछले दो वर्षों के दौरान परीक्षा फीस में करीब 40 प्रतिशत तक का इजाफा हो चुका है। लगातार बढ़ती फीस ने विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है। पहले से ही किताबें, कॉपी, स्कूल फीस और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में बोर्ड परीक्षा शुल्क में वृद्धि को लेकर कई परिवारों के सामने अतिरिक्त आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है।

मैट्रिक और इंटर की नई फीस दरें निर्धारित

जैक की ओर से निर्धारित नई दरों के अनुसार मैट्रिक परीक्षा में छात्राओं को अब 1100 रुपये से लेकर 1800 रुपये तक शुल्क देना होगा। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए यह राशि 1220 रुपये से बढ़कर 2020 रुपये तक पहुंच गई है।

सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए मैट्रिक परीक्षा का शुल्क बिना विलंब शुल्क के 1300 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि विलंब शुल्क के साथ विद्यार्थियों को 1800 रुपये भुगतान करना होगा। इसी तरह इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए बिना विलंब शुल्क 1520 रुपये और विलंब शुल्क के साथ 2020 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

साढ़े सात लाख परीक्षार्थियों पर पड़ेगा असर

झारखंड में हर साल करीब 7.50 लाख विद्यार्थी मैट्रिक और इंटर की बोर्ड परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी का असर राज्य के हजारों नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर पड़ना तय है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए बढ़ा हुआ परीक्षा शुल्क परेशानी का कारण बन सकता है।

अभिभावकों का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को राहत देने की जरूरत है, लेकिन लगातार बढ़ते परीक्षा शुल्क से पढ़ाई का खर्च और बढ़ता जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक साथ कई शैक्षणिक खर्चों का इंतजाम करना आसान नहीं होता।

आखिर हर साल क्यों बढ़ रही परीक्षा फीस!

लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी होने के बाद अब यह सवाल भी उठने लगा है कि आखिर जैक को हर साल फीस बढ़ाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? क्या परीक्षा संचालन और अन्य व्यवस्थाओं के खर्च में बढ़ोतरी इसका कारण है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? हालांकि, फीस वृद्धि के कारणों को लेकर जैक की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण सामने आना अभी बाकी है।

बहरहाल वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थि यों के लिए यह खबर किसी अतिरिक्त बोझ से कम नहीं है। एक ओर विद्यार्थी बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बढ़ती परीक्षा फीस उनके परिवारों की आर्थिक चिंता बढ़ा रही है। अब निगाहें जैक और शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि विद्यार्थियों को इस बढ़ोतरी से राहत देने के लिए कोई पहल की जाती है या नहीं।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें