Hazaribag:कलम को झुकाने चले थे,हौसलों का हुजूम खड़ा हो गया,पत्र कारों के सम्मान में पूरा हजारीबाग अड़ा हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर आयुक्त पर पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप,प्रेस क्लब के आह्वान पर धरने में उमड़े जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता और आम नागरिक; उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Hazaribag:कलम की ताकत को दबाने की कोशिश के खिलाफ गुरुवार को हजारीबाग में पत्रकारों के सम्मान की आवाज बुलंद हुई।हजारीबाग प्रेस क्लब के पत्रकारों के साथ नगर निगम के अधिकारियों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रेस क्लब के आह्वान पर आयोजित इस धरने में पत्रकारों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों,विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं,सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर अपना समर्थन जताया। इस दौरान घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

दरअसल, दो दिन पूर्व हजारीबाग नगर निगम के नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता प्रेस क्लब परिसर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और पत्रकारों के साथ अनुचित व्यवहार किया। बताया जाता है कि नगर निगम के पदाधिकारी द्वारा क्लब से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई थी। इस दौरान कथित तौर पर अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया। इतना ही नहीं, प्रेस क्लब परिसर में पुलिस को भी बुला लिया गया। इस घटना के बाद पत्रकारों में काफी आक्रोश है।

पत्रकारों का कहना है कि यदि नगर निगम को प्रेस क्लब से संबंधित दस्तावेजों की आवश्यकता थी, तो इसकी मांग निर्धारित नियमों और उचित प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए थी। शाम छह बजे के बाद अचानक दस्तावेजों की मांग करना और जिस तरीके से व्यवहार किया गया, वह उचित नहीं था।

खबर प्रकाशित होने के बाद विवाद बढ़ने का आरोप

बताया जाता है कि हजारीबाग नगर निगम की कार्यशैली को लेकर बीते मंगलवार को पत्रकारों ने एक खबर प्रकाशित की थी। इसमें छठ महापर्व के अवसर पर स्टोन डस्ट गिराने की टेंडर प्रक्रिया और निर्धारित समयावधि को लेकर सवाल उठाए गए थे। पत्रकारों ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर सवाल करते हुए टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदु उठाए थे। आरोप है कि इसी खबर से नाराज होकर नगर आयुक्त प्रेस क्लब पहुंचे और पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, इस पूरे मामले में नगर निगम का पक्ष भी सामने आना बाकी है।

पत्रकारों के समर्थन में एकजुट हुए जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दल

धरना-प्रदर्शन में शामिल विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों का काम जनता की समस्याओं को सामने लाना और सरकारी विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाना है। जनहित के मुद्दों पर सवाल करना पत्रकारों का महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है। ऐसे में पत्रकारों को डराने या उनकी आवाज दबाने का कोई भी प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता स्वतंत्र और निष्पक्ष रहनी चाहिए। किसी भी सरकारी अधिकारी को आलोचनात्मक खबरों से असहमति होने पर नियमों के तहत अपना पक्ष रखने का अधिकार है, लेकिन पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार उचित नहीं है।

धरना-प्रदर्शन के बाद पत्रकारों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने हजारीबाग के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की।

धरना कार्यक्रम में महापौर अरविंद राणा, पूर्व विधायक अकेला यादव, भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता तथा हजारीबाग प्रेस क्लब के सचिव दीपक सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|HAZARIBAG

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें