बस में सफर कर रही महिला के पास मिले 14 मोबाइल,निशान देही पर किराये के मकान से बरामद हुए 23 अन्य फोन
Sahibganj:जिले के राजमहल थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर अलग-अलग कंपनियों के कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।बरामद मोबाइल में आईफोन,सैमसंग,वीवो,रियलमी,ओप्पो,मोटोरोला, रेडमी,नार्जो और नथिंग कंपनी के फोन शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक साहिबगंज को 13 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से राजमहल आ रही सानिया बस में एक महिला चोरी के मोबाइल फोन लेकर सफर कर रही है।सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,राजमहल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने जेल मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।इसी दौरान सानिया बस को रोककर महिला यात्रियों की जांच की गई।जांच के क्रम में एक महिला के पास मौजूद खाकी रंग के थैले से 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस ने महिला से मोबाइल फोन के वैध कागजात मांगे,लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।पूछताछ में महिला ने मोबाइल चोरी के होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि सुनील कुमार और विक्स नोनया नामक व्यक्तियों द्वारा उसे चोरी के मोबाइल फोन बेचने के लिए दिए जाते थे।महिला ने पुलिस को बताया कि वह पहले से निर्धारित स्थान पर इन मोबाइलों को बेचने पहुंचती थी।
इसके बाद पुलिस ने महिला रेनू देवी (39 वर्ष) पति स्वर्गीय संदीप कुमार साहा, निवासी बमनगामा, थाना तिनपहाड़, जिला साहिबगंज को गिरफ्तार कर लिया। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने हाटपाड़ा स्थित उसके किराये के मकान में छापेमारी की। वहां से अलग-अलग कंपनियों के 23 अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए।इस दौरान पुलिस ने उसके सहयोगी बीजू महतो (32 वर्ष),पिता स्वर्गीय मदन महतो, निवासी बाबूपुर, थाना तिनपहाड़,जिला साहिबगंज को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद 37 मोबाइल फोन में दो आईफोन, सात रियलमी,तीन मोटोरोला,चार ओप्पो,आठ वीवो,दो नार्जो, आठ सैमसंग,एक नथिंग और दो रेडमी कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।
इस मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 410/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 (2),317(5) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में राजमहल थाना प्रभारी पु०अ०नि० हसनैन अंसारी,पु०अ०नि० महादेव उरांव,पु०अ०नि० पवन यादव,स०अ० नि० अरुणा टोप्पो, स०अ०नि० सनातन हेम्ब्रम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
GTV BHARAT NEWS|DESK|SAHIBGANJ









