बिजली घाट से ओझा टोली घाट तक लंबित तट संरक्षण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश,गंगा डॉल्फिन के संरक्षण को ध्यान में रखकर गैर-मोटर चालित नौकाओं के परिचालन पर भी मंथन
Sahibganj:जिले में गंगा नदी के तटों को कटाव से बचाने, छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिले में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है।शुक्रवार को उपायुक्त -सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा तटों के संरक्षण से लेकर अतिरिक्त छठ घाटों के विकास और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा साहिबगंज शहरी क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव से तटीय इलाकों की सुरक्षा का रहा।बिजली घाट से ओझा टोली घाट तक लंबित तट संरक्षण कार्य को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।उपायुक्त ने संबंधित कार्यों में तेजी लाकर गंगा के तटों को कटाव से सुरक्षित करने की आवश्यकता बताई।
छठ श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगे अतिरिक्त घाट
छठ पूजा के दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए जिले में अतिरिक्त छठ घाट विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नमामि गंगे परियोजना को भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराना है, ताकि पर्व के दौरान भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
रेलवे लाइन के समीप कटाव रोकने पर भी चर्चा
बैठक में बास्कोला रेलवे लाइन के समीप गंगा नदी से हो रहे कटाव का मुद्दा भी उठाया गया।यहां रेलवे अवसंरचना और आसपास के क्षेत्रों को संभावित खतरे से बचाने के लिए पूर्व में किए गए अस्थायी कटाव निरोधक कार्यों के अलावा व्यापक एवं स्थायी तट संरक्षण कार्य कराने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। प्रशासन का जोर ऐसे उपायों पर है, जिससे भविष्य में कटाव के कारण रेलवे और आसपास के इलाकों को नुकसान की आशंका कम की जा सके।
गंगा में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
गंगा नदी में पर्यटन और मनोरंजन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गैर-मोटर चालित नौकाओं के परिचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को गंगा नदी के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के साथ-साथ जलीय जीवों और विशेष रूप से गंगा डॉल्फिन के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना है। बैठक में पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया।
विभागों के बीच समन्वय पर उपायुक्त का जोर
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि गंगा नदी का संरक्षण, तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, नगर प्रशासक साहिबगंज अभिषेक कुमार सिंह, नगर पंचायत प्रशासक राजमहल दानिश हुसैन, नमामि गंगे परियोजना के जिला समन्वयक अमित मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









