Giridih:जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़,उपायुक्त ने अधिकारियों को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनशिकायतों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, उपायुक्त रामनिवास यादव,जन समाधान पोर्टल पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश

Giridih:आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और प्रशासनिक व्यवस्था को जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से गिरिडीह के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी राम निवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों की बातें सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

जनता दरबार में खाद्य आपूर्ति, कल्याण विभाग, भूमि विवाद, शिक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य, बिजली आपूर्ति सहित व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़े कई मामले सामने आए। उपायुक्त ने संबंधित शिकायतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लंबित शिकायतों पर एक सप्ताह में कार्रवाई का निर्देश

जन समाधान पोर्टल पर लंबित शिकायतों को लेकर उपायुक्त ने विशेष नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में केवल औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आवेदकों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को नियमित समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण करने को कहा गया।

स्थलीय जांच में तेजी लाने का निर्देश

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थलीय जांच अथवा दूसरे विभागों के साथ समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी तालमेल बनाकर त्वरित कार्रवाई करें। प्रत्येक शिकायत का निष्पादन निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जाए। साथ ही, आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लें और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दें।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|GIRIDIH

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें