एटीएम बंद होने का झांसा देकर हासिल करता था ग्राहकों का ओटी पी,तीन मोबाइल और चार सिम कार्ड बरामद; कई राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क
Jamtara:झारखंड राज्य में साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियाँ गांव में छापेमारी कर एक कथित साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रहलाद दास (31 वर्ष),निवासी नारायण पुर, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी के लिए खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। वह ग्राहकों को उनके एटीएम कार्ड के बंद होने का डर दिखाता था और कार्ड चालू रखने के नाम पर उनसे एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेता था। इसके बाद ई-वॉलेट के माध्यम से पीड़ितों के बैंक खातों से रुपये निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
कई राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का साइबर ठगी का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। वह पहले भी जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 42/25 में आरोप पत्रित रह चुका है। पुलिस अब उसके संपर्कों, ठगी के तरीकों और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
तीन मोबाइल और चार सिम कार्ड जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल और सिम कार्ड की जांच के जरिए साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(बी), 66(सी), 66(डी) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42(3)(ई) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डीएसपी के नेतृत्व में हुई छापेमारी
छापेमारी दल का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास ने किया। टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक मो. फारूक, नितिश कुमार, मनीष कुमार गुप्ता, पुष्पेश्वर दास, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
पुलिस की आम लोगों से अपील
जामताड़ा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ फोन पर अपना एटीएम नंबर, सीवीवी, ओटीपी या बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। बैंक कभी भी फोन करके इस प्रकार की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है। यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक अधिकारी बताकर ऐसी जानकारी मांगता है तो सतर्क रहें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों को स्पष्ट संदेश मिला है कि डिजिटल ठगी के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA









