पत्नी और बच्चों का दर्द देख भावुक हुए झामुमो नेता, बर्नाड मरांडी और मुजीबुर रहमान ने हर सुख-दुख में साथ निभाने का दिया भरोसा
Sahibganj:जिले के बरहेट प्रखंड क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सक्रिय कार्यकर्ता सुरजू किस्कू के निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और परिजनों में शोक का माहौल है। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति को खोने के गम में उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अपने बच्चों के भविष्य और उनके भरण-पोषण को लेकर चिंता जाहिर कर रही हैं।
इस दुख की घड़ी में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नाड मरांडी,प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान,पुसा टुडू,जिसु मरांडी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सुरजू किस्कू के पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नाड मरांडी ने कहा कि सुरजू किस्कू पार्टी के एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता थे। उनका निधन पार्टी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में पार्टी पूरी मजबूती के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद की जाएगी। विशेषकर बच्चों के भरण-पोषण और परिवार की परेशानियों में सहयोग के लिए पार्टी के लोग हमेशा तत्पर रहेंगे।
वहीं प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान ने कहा कि सुरजू किस्कू के निधन से हम सभी मर्माहत हैं। एक समर्पित साथी को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि परिवार पर आई इस विपत्ति में केवल सांत्वना देना ही नहीं, बल्कि उनके साथ खड़े रहना भी जरूरी है। झामुमो परिवार हर पल और हर परिस्थिति में पीड़ित परिजनों के साथ रहेगा तथा जरूरत के अनुसार सहयोग करने का प्रयास करेगा।
पार्टी पदाधिकारियों ने परिजनों को हिम्मत रखने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मौके पर अब्दुल मजीद, शाम हेंब्रम, अमजेद सहित झामुमो के अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHAIT









