61 वीं बाल दिवस खेलकूद प्रति योगिता में झारखंड, बिहार और बंगाल के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी एमानुएल किस्कू को मिला सम्मान
Sahibganj:खेल की मैदान पर दौड़ते कदम,जीत का जुनून और पदक हासिल करने की होड़।बाल दिवस के अवसर पर सकरीगली का रेलवे मैदान दो दिनों तक खेल प्रतिभाओं के उत्साह से गुलजार रहा। टाइगर एथलेटिक्स क्लब, सकरीगली की ओर से आयोजित 61वीं बाल दिवस अंतरराज्यीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालक एवं बालिका वर्ग में 60, 80, 100, 200, 400, 600 और 1600 मीटर दौड़ के साथ 4×100 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और जेवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इसमें झारखंड के साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, रांची और रामगढ़ के अलावा बिहार एवं पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके एमानुएल किस्कू विशेष आकर्षण रहे। चेन्नई में आयोजित 41वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने की उपलब्धि पर उन्हें आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
समापन समारोह में मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडेय, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सिंह उर्फ लड्डू, दिनेश यादव और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को मेडल, मोमेंटो, ट्रॉफी, बैग और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में पुरुष डिस्कस थ्रो में अब्दुल रजक, महिला डिस्कस थ्रो में लखी कुमारी तथा पुरुष जेवलिन थ्रो में नीरज यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला जेवलिन थ्रो में काजल कुमारी, पुरुष ऊंची कूद में राज कुमार और महिला ऊंची कूद में सुनैना कुमारी ने बाजी मारी। लंबी कूद में बालिका वर्ग से छोटी कुमारी, महिला वर्ग से खुशी यादव और पुरुष वर्ग से ए. दास ने प्रथम स्थान हासिल किया।
दौड़ प्रतियोगिताओं में भी युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक अंडर-14 की 60 मीटर दौड़ में शिवम चौधरी, बालिका अंडर-14 में रोशनी कुमारी, बालक अंडर-14 की 200 मीटर दौड़ में शिवम मंडल और बालिका वर्ग में रुचि कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 600 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से पीयूष कुमार तथा बालिका वर्ग से रोशनी कुमारी विजेता बनीं। अंडर-12 की 80 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से तौफीक रहमान और बालिका वर्ग से अंशिका कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 60 स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के माधवचंद्र घोष, अशोक साहनी, योगेश यादव, गौतम, बुद्धदेव यादव, सुमन कुमार, रजाउद्दीन, मनीष कुमार, आशीष रंजन, गौतम यादव, गौतम मंडल, रामदेव यादव, हीरालाल यादव, छोटू कुमार, राजन कुमार, राजदेव यादव, सुष्मित रंजन, जॉन्स, रामलक्ष्मण यादव, सौरभ मंडल एवं अमन कुमार समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









