दुमका में AICUF ने धूमधाम से मनाया झारखंड दिवस, गीत-संगीत,नृत्य, कविता और पारंपरिक व्यंजनों ने बिखेरी संस्कृति की छटा
Dumka:झारखंड की पहचान यहां के वीर शहीदों के संघर्ष, बलिदान और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से जुड़ी हुई है। अलग झारखंड राज्य के निर्माण में अनगिनत आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन आज भी कई गुमनाम शहीदों की संघर्ष गाथाएं इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो सकी हैं। ऐसे वीर सपूतों के जीवन और संघर्ष पर शोध कर उन्हें लेखन के माध्यम से सामने लाने की जरूरत है। यह बातें संताली साहित्यकार विजय टुडू ने कहीं।
झारखंड स्थापना दिवस के पूर्व अवसर पर 14 नवंबर 2026 को दुमका स्थित जोहार मानव संसाधन विकास केंद्र में AICUF (ऑल इंडिया कैथोलिक यूनिवर्सिटी फेडरेशन) की ओर से झारखंड दिवस समारोह का आयोजन किया गया। झारखंड की भावना, संस्कृति और विरासत को समर्पित इस कार्यक्रम में गायन, नृत्य, कविता पाठ, रील मेकिंग, पोस्टर मेकिंग और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संताली साहित्यकार विजय टुडू उपस्थित रहे।
युवाओं को संबोधित करते हुए विजय टुडू ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन अनगिनत शहीदों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष की कहानियां पढ़नी चाहिए और उनके योगदान को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में कई ऐसे गुमनाम नायक भी रहे हैं, जिनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो पाया है। युवाओं को ऐसे आंदोलनकारियों पर शोध कर उनकी संघर्ष गाथाओं को लिखने की दिशा में पहल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर झारखंड राज्य गठन तक के आंदोलनों में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, बीर बाजल, बिरसा मुंडा, भगत सिंह और चंद्रशेखर जैसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
विजय टुडू ने युवाओं को इतिहास के अध्ययन के साथ वर्तमान सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और बौद्धिक परिस्थितियों को समझने की सलाह दी। उन्होंने आदिवासी पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था, रीति-रिवाज, संस्कार और आदिवासीयत के मूल दर्शन को केंद्र में रखकर लेखन करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास हमें ज्ञान देता है और समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करता है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने गीत, संगीत, कविता और नृत्य के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं बाहरी प्रांगण में आदिवासी पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जहां पातड़ा पीठा, लाडू पीठा और सुनम पीठा जैसे पारंपरिक पकवान लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडली द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। गायन प्रतियोगिता में बाबूलाल मुर्मू ने प्रथम, अनुष्का मरांडी ने द्वितीय और बर्न्तीस मरांडी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता प्रस्तुति में सलोनी टुडू प्रथम, डिम्पल पुजार द्वितीय और अंकित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में अभिमान ग्रुप ने प्रथम, मनीषा ग्रुप ने द्वितीय और श्रुति किस्कू ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडली के रूप में सेबेस्टियन सोरेन, ऊमुल सोरेन और वर्षारानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में दुमका AICUF के सलाहकार ब्रदर इनोसेंट टुडू, स्वीटी मुर्मू, अनुप्रिय टुडू, वर्षास्तुति, सैमुअल हेंब्रम, चार्ल्स हेंब्रम, मनोज हंसदा और निलेश सोरेन सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
REPORTER|SUSHANTO SOREN|DUMKA









