Ranchi:कलम पर पहरा लगाने की कोशिश पर प्रेस क्लब का प्रहार, पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में बुलंद हुई आवाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में खबर प्रसारित करने के बाद पत्रकार पर प्राथमिकी दर्ज होने को बताया चिंताजनक, निष्पक्ष जांच और प्रताड़ना पर रोक लगाने की मांग

Ranchi:सत्ता और रसूख से जुड़े मामलों में सवाल उठाने वाली पत्रकारिता की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक गंभीर मामले में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर रांची प्रेस क्लब ने कड़ी नाराजगी जताई है। प्रेस क्लब ने इस पूरे घटनाक्रम को पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

रांची प्रेस क्लब का कहना है कि संवेदनशील मामलों को सामने लाना और पीड़ित पक्ष की आवाज समाज तथा प्रशासन तक पहुंचाना पत्रकार का पेशेवर दायित्व है। पत्रकार अभिषेक भारती ने इस मामले को सार्वजनिक कर एक गंभीर मुद्दे को समाज और प्रशासन के संज्ञान में लाने का काम किया। यदि खबर की प्रस्तुति या उसमें शामिल तथ्यों को लेकर किसी पक्ष को आपत्ति है, तो उसका समाधान तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए। खबर प्रसारित करने वाले पत्रकार के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

प्रेस क्लब ने कहा कि नाबालिग बच्ची की शिकायत पर दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन इसी प्रकरण में पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के घटनाक्रम की भी गंभीरता से पड़ताल जरूरी है। यह भी जांच का विषय है कि कहीं खबर प्रकाशित और प्रसारित करने के कारण पत्रकार को निशाना तो नहीं बनाया जा रहा है। पुलिस को इस पहलू को ध्यान में रखते हुए बिना किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

रांची प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति पर लगे गंभीर आरोपों से संबंधित खबर प्रकाशित-प्रसारित करना पत्रकार का अधिकार होने के साथ लोकतंत्र के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी है। यदि पत्रकारों को संवेदनशील मामलों की रिपोर्टिंग करने के कारण मुकदमों और कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, तो इससे स्वतंत्र पत्रकारिता पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

प्रेस क्लब ने पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा और जांच कराने,उन्हें अनावश्यक रूप से प्रताड़ित नहीं करने तथा नाबालिग बच्ची से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्लब ने चेतावनी दी कि यदि किसी दुर्भावनापूर्ण मंशा या षड्यंत्र के तहत पत्रकार को निशाना बनाने,भयभीत करने अथवा उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है, तो रांची प्रेस क्लब सहित राज्य के पत्रकार संगठन इसका एकजुट होकर विरोध करेंगे। प्रेस क्लब ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों को निर्भीक होकर सत्ता और व्यवस्था से सवाल पूछने का अधिकार है। पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर किसी भी तरह का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें